प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते मंगलवार को ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक और उनके परिवार से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। पीएम मोदी ने ऋषि सुनक को भारत का अच्छा मित्र बताया और भारत-ब्रिटेन संबंधों को और मजबूत करने की बात कही। इस मुलाकात में ऋषि सुनक के साथ उनकी पत्नी अक्षता मूर्ति, बेटियां कृष्णा और अनुष्का, और उनकी सास व राज्यसभा सांसद सुधा मूर्ति भी मौजूद थीं।
पीएम मोदी ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा कि ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक और उनके परिवार से मिलकर खुशी हुई। उन्होंने बताया कि इस दौरान कई विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई और ऋषि सुनक भारत-ब्रिटेन संबंधों को और मजबूत बनाने के इच्छुक हैं।
मंगलवार को ऋषि सुनक अपनी पत्नी, बच्चों और सास सुधा मूर्ति के साथ संसद भवन भी गए जहां लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह ने उनका स्वागत किया। इससे पहले, ऋषि सुनक ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की। इस बैठक में दोनों नेताओं ने भारत और ब्रिटेन के बीच आर्थिक सहयोग को बढ़ाने और नए वित्तीय अवसरों पर चर्चा की। वित्त मंत्रालय ने अपनी पोस्ट में बताया कि इस बातचीत में ग्लोबल साउथ के हितों को आगे बढ़ाने और जी-7 एजेंडे में भारत के मुद्दों को शामिल करने पर भी जोर दिया गया।
इससे पहले, 17 फरवरी को ऋषि सुनक ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से भी मुलाकात की थी। इस बैठक के बाद जयशंकर ने सोशल मीडिया पर लिखा कि वह भारत-ब्रिटेन संबंधों को मजबूत करने में ऋषि सुनक के निरंतर समर्थन की सराहना करते हैं

