Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 10, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

कॉमनवेल्थ गेम्स के पदक विजेताओं से मिले पीएम मोदी, बोले- ‘जो खेलेगा, वो खिलेगा’


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में देश के लिए पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा, “जो खेलेगा, वो खिलेगा… ऑलवेज चियर फॉर भारत।” पीएम मोदी ने खिलाड़ियों के साथ ‘भारत माता की जय’ का उद्घोष भी किया।

पीएम मोदी के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर साझा किए गए वीडियो की शुरुआत महिला 51 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने वाली बॉक्सर साक्षी चौधरी ने की। उन्होंने कहा कि सभी कॉमनवेल्थ गेम्स पदक विजेताओं को प्रधानमंत्री ने मुलाकात के लिए बुलाया, जिससे खिलाड़ियों को काफी गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री से मिलकर खुशी जताते हुए उनकी विनम्रता की भी सराहना की।

इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा, “जो खेलेगा, वो खिलेगा, ऑलवेज चियर फॉर भारत।” उन्होंने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के लिए उनका उत्साहवर्धन किया।

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने कुल 39 पदक जीते, जिसमें 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य पदक शामिल रहे। इस प्रदर्शन के साथ भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा।

भारतीय पुरुष खिलाड़ियों ने कुल 23 पदक जीते, जिनमें 5 स्वर्ण, 13 रजत और 5 कांस्य पदक शामिल हैं। वहीं महिला खिलाड़ियों ने 16 पदक हासिल किए, जिनमें 8 स्वर्ण, 4 रजत और 4 कांस्य पदक रहे।

मुक्केबाजी में भारत का प्रदर्शन खासा शानदार रहा। देश के सभी 10 मुक्केबाजों ने पदक जीते, जिनमें 7 स्वर्ण और 3 रजत पदक शामिल हैं। एथलेटिक्स में भारत ने 16 पदक हासिल किए। वहीं जूडो में भी भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अस्मिता डे और हर्ष सिंह ने एक ही दिन स्वर्ण पदक जीतकर कॉमनवेल्थ गेम्स में जूडो में भारत को पहली बार स्वर्ण पदक दिलाया।

Leave a Comment