Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 21, 2026
Daily Lok Manch
राष्ट्रीय

SIR पर विपक्ष की बड़ी बैठक आज, CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पर होगी चर्चा


मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर विपक्षी गठबंधन आईएनडीआइ बुधवार को अहम बैठक करेगा। बैठक में SIR के मुद्दे पर संयुक्त आंदोलन की कार्ययोजना को अंतिम रूप देने के साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर भी चर्चा होगी।

सूत्रों के मुताबिक, बैठक के एजेंडे में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने का मुद्दा भी शामिल है। लोकसभा और राज्यसभा में पेश किए जाने वाले प्रस्ताव का मसौदा तैयार कर लिया गया है। विपक्षी दलों के शीर्ष नेता बैठक में इस मसौदे पर चर्चा करेंगे और आगे की रणनीति तय करेंगे।

बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश और केसी वेणुगोपाल शामिल होंगे। इसके अलावा तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी समेत अन्य विपक्षी दलों के नेता भी बैठक में हिस्सा लेंगे। माकपा, भाकपा, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) और शिवसेना (यूबीटी) समेत कई दलों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।

विपक्षी दल SIR की प्रक्रिया को लेकर लगातार सवाल उठाते रहे हैं। अब बुधवार की बैठक में संयुक्त आंदोलन और आगे की राजनीतिक रणनीति को लेकर फैसला लिया जा सकता है।

Leave a Comment