खटीमा। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा के बग्घा चौवन में आयोजित “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” विशेष जनसंपर्क अभियान में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में पहुंचने पर क्षेत्रवासियों ने छोलिया एवं थारू सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियों तथा पुष्पमालाओं से मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 12 वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण किए हैं। इस दौरान देशहित में अनेक ऐतिहासिक और दूरगामी निर्णय लिए गए, जिनके परिणामस्वरूप भारत वैश्विक स्तर पर एक मजबूत और प्रभावशाली शक्ति के रूप में उभरा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जनकल्याण को केंद्र में रखकर कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू कीं। “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान ने बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और शिक्षा को बढ़ावा दिया। वहीं स्वच्छ भारत अभियान के माध्यम से स्वच्छता को जनआंदोलन बनाते हुए करोड़ों परिवारों को शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराई गई। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने माताओं और बहनों को धुएं से मुक्ति दिलाई, जबकि हर घर जल योजना के जरिए दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का कार्य किया गया।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। उत्तराखण्ड में भी पात्र नागरिकों को पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार का लाभ दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कोरोना महामारी के दौरान प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि संकट के समय यह सुनिश्चित किया गया कि कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे। इसके साथ ही भारत ने स्वदेशी वैक्सीन विकसित कर देशवासियों को निःशुल्क टीकाकरण उपलब्ध कराया तथा कई देशों को वैक्सीन भेजकर वैश्विक सहयोग का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से उत्तराखण्ड में भी कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने का निर्णय लिया गया है। युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया, जिसके तहत नकल माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई है।
उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक 33 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां प्रदान की जा चुकी हैं। साथ ही बग्घा चौवन क्षेत्र में भी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को गति देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा राज्यमंत्री रंजीत सिंह नामधारी, प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश भट्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

