August 27, 2026
Daily Lok Manch
उत्तर प्रदेश

हथकरघा दिवस पर सीएम योगी का अखिलेश पर निशाना, बोले- ‘कुछ लोग जीवन भर बच्चे ही बने रहते हैं’


लखनऊ। राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर लोकभवन में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के उत्कृष्ट बुनकरों को संत कबीर राज्य हथकरघा पुरस्कार से सम्मानित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हथकरघा क्षेत्र के विकास और सरकार की योजनाओं का जिक्र करने के साथ ही समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर बिना नाम लिए तीखा राजनीतिक हमला भी बोला।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ लोग जीवन भर बच्चे ही बने रहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहले सत्ता में रही सरकारों की प्राथमिकताओं में विकास और जनहित की बजाय व्यक्तिगत दिनचर्या अधिक महत्वपूर्ण थी।

सीएम योगी ने तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग दोपहर 12 बजे सोकर उठते थे, दो बजे तक तैयार होते थे और शाम होते-होते जिम जाने का समय हो जाता था। इसके बाद शाम सात बजे महफिल सजने लगती थी। ऐसे में उनके पास प्रदेश और प्रदेशवासियों के बारे में सोचने के लिए समय ही कहां था।

मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी पिछली सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि उस दौर में महिलाओं के सामने सबसे बड़ा खतरा उन्हीं लोगों से था, जिन पर कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी थी। इसके विपरीत वर्तमान सरकार ने प्रदेश में सुरक्षा, सुशासन और विकास को प्राथमिकता दी है।

उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में सरकार विकास और सुशासन के आधार पर आगे बढ़ रही है और इसका लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रहा है। सरकार का उद्देश्य प्रदेश के पारंपरिक कारीगरों, बुनकरों और हस्तशिल्प से जुड़े लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है।

राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले बुनकरों को सम्मानित करते हुए हथकरघा उद्योग की भूमिका को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की समृद्ध हथकरघा परंपरा न केवल रोजगार का माध्यम है, बल्कि यह उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा भी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बुनकरों को बेहतर सुविधाएं, बाजार उपलब्ध कराने और उनकी आय बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। पारंपरिक हुनर को आधुनिक तकनीक और नए बाजारों से जोड़कर बुनकरों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

समारोह के दौरान पुरस्कार प्राप्त करने वाले बुनकरों ने भी सरकार की योजनाओं और प्रोत्साहन से मिलने वाले लाभों को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में हथकरघा क्षेत्र से जुड़े कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बुनकर मौजूद रहे।

Leave a Comment