केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सिल्क्यारा सुरंग बचाव अभियान में असाधारण साहस और निस्वार्थ सेवा का परिचय देने वाले 12 रैट माइनर्स को सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक से सम्मानित किया। नई दिल्ली में आयोजित समारोह में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, मंत्रालय के सचिव, एनएचआईडीसीएल के प्रबंध निदेशक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
हाल के वर्षों के सबसे कठिन बचाव अभियानों में रहा सिल्क्यारा रेस्क्यू
नितिन गडकरी ने कहा कि सिल्क्यारा सुरंग हादसा हाल के वर्षों के सबसे चुनौतीपूर्ण बचाव अभियानों में से एक था, जिसने पूरे देश की चिंता बढ़ा दी थी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री लगातार अभियान की निगरानी कर रहे थे और फंसे श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे।
कई एजेंसियों ने मिलकर बनाई रणनीति
गडकरी ने बताया कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, एनएचआईडीसीएल, सीमा सड़क संगठन (बीआरओ), भारतीय सेना, उत्तराखंड सरकार और देशभर के तकनीकी विशेषज्ञों ने मिलकर बचाव अभियान की रणनीति तैयार की। अभियान के दौरान वर्टिकल ड्रिलिंग सहित कई तकनीकी विकल्पों पर काम किया गया।
पाइपलाइन से पहुंचाया गया भोजन और दवाइयां
उन्होंने बताया कि सुरंग के ढहे हिस्से में पाइपलाइन डालने में सफलता मिलने के बाद फंसे श्रमिकों तक भोजन, पानी, दवाइयां और अन्य जरूरी सामग्री पहुंचाई जा सकी। इससे बचाव अभियान को गति मिली।
रैट माइनर्स ने हाथों से हटाया मलबा
गडकरी ने कहा कि अभियान का सबसे अहम चरण रैट माइनर्स की बहादुरी से पूरा हुआ। उन्होंने स्वेच्छा से बेहद संकरी और जोखिम भरी जगह में प्रवेश कर हाथों से मलबा हटाया, जिससे सभी फंसे श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना संभव हो सका।
बहादुरी और मानव सेवा की मिसाल
उन्होंने कहा कि रैट माइनर्स का साहस और त्याग आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है। दूसरों की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालना मानवता और जनसेवा की सर्वोच्च मिसाल है। देश उनके योगदान को हमेशा याद रखेगा।
मेडल, प्रमाणपत्र और दो लाख रुपये की सम्मान राशि
समारोह में प्रत्येक पुरस्कार विजेता को सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक, प्रमाणपत्र और एक छोटा स्मृति मेडल प्रदान किया गया। इसके अलावा सभी 12 रैट माइनर्स को दो-दो लाख रुपये की एकमुश्त नकद राशि ऑनलाइन माध्यम से दी गई।
सम्मानित किए गए 12 रैट माइनर्स
सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक पाने वालों में वकील हसन, मुन्ना, अंकुर कुमार, मोनू कुमार, देवेंद्र, मोहम्मद राशिद, फिरोज कुरैशी, जतिन कश्यप, सौरभ कश्यप, मोहम्मद इरशाद, नसरुद्दीन और नसीम शामिल हैं।

