Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 8, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

उत्तराखंड में चार दिन बाद मानसून देगा दस्तक! छह जिलों में बारिश का यलो अलर्ट

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज फिलहाल दो अलग-अलग तस्वीरें पेश कर रहा है। एक ओर पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश से राहत मिल रही है, तो दूसरी ओर मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी और उमस लोगों को बेहाल किए हुए है। इसी बीच मौसम विभाग ने प्रदेश में मानसून के करीब चार दिन बाद पहुंचने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए उत्तरकाशी, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी और पिथौरागढ़ जिलों में अंधड़ के साथ बारिश की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ वर्षा होने के आसार हैं। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
शुक्रवार सुबह प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ बना रहा। हालांकि गुरुवार रात चमोली जिले के कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे स्थानीय लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। वहीं पर्वतीय इलाकों में छिटपुट बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

दूसरी ओर देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और अन्य मैदानी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। तेज धूप और अधिक नमी के कारण उमस बढ़ गई है, जिससे लोगों को दिनभर गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
मानसून के प्रदेश में प्रवेश करने के बाद वर्षा गतिविधियों में तेजी आएगी और तापमान में भी गिरावट दर्ज होगी। तब तक पहाड़ों में रुक-रुक कर बारिश और मैदानी क्षेत्रों में गर्मी व उमस का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

Leave a Comment