उत्तराखंड में मानसून की हुई एंट्री: कई जिलों में झमाझम बारिश, नदियां उफान पर - Daily Lok Manch PM Modi USA Visit New York Yoga Day
August 11, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

उत्तराखंड में मानसून की हुई एंट्री: कई जिलों में झमाझम बारिश, नदियां उफान पर

उत्तराखंड में आखिरकार मंगलवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आधिकारिक तौर पर दस्तक दे दी। नॉर्थ-ईस्ट दिशा से राज्य में पहुंचे मानसून के प्रभाव से सुबह से ही हरिद्वार को छोड़कर लगभग सभी जिलों में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने बताया कि मानसून ने दिन के समय उत्तराखंड में प्रवेश किया और अब आने वाले दिनों में पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बौछारों का पूर्वानुमान जारी किया है।
मानसून की पहली ही बारिश का असर कई जिलों में देखने को मिला। राजधानी देहरादून में सुबह से लगातार रुक-रुककर तेज बारिश होती रही, जिससे शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। भारी बारिश के चलते रिस्पना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया और नदी उफान पर बहने लगी। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
वहीं, नैनीताल में भी सुबह तेज बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। दूसरी ओर रुद्रप्रयाग में लगातार हो रही बारिश के कारण अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। नदी का पानी बढ़ने से संगम घाट की सीढ़ियां पूरी तरह जलमग्न हो गई हैं। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से नदी किनारे अनावश्यक रूप से न जाने की अपील की गई है।
मानसून के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए ऋषिकेश में गंगा नदी में होने वाली राफ्टिंग गतिविधियों पर भी रोक लगा दी गई है। प्रशासन के अनुसार मंगलवार शाम से राफ्टिंग संचालन पूरी तरह बंद कर दिया गया है। गंगा के बढ़ते जलस्तर और सुरक्षा कारणों से यह प्रतिबंध जुलाई और अगस्त महीने तक लागू रहेगा। मौसम सामान्य होने के बाद राफ्टिंग सेवाएं एक सितंबर से दोबारा शुरू की जाएंगी।
उधर, बागेश्वर जिले में भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन 1 जुलाई (बुधवार) को सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार 1 जुलाई को राज्य के सभी जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश तथा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 2 जुलाई को भी अधिकांश जिलों में इसी तरह का मौसम बना रहेगा और कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश हो सकती है। वहीं 3 जुलाई को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ कुछ स्थानों पर गरज-चमक और तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि मानसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले दो से तीन दिनों में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब समेत उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में भी पहुंच जाएगा। उत्तराखंड में लगातार बारिश को देखते हुए लोगों को नदी-नालों से दूर रहने, मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Related posts

विधानसभा चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग ने एसएसपी को हटाया

admin

Uttarakhand Diwali Holiday : उत्तराखंड में दिवाली पर संशोधित अवकाश घोषित

admin

देहरादून-नोएडा के बीच हवाई सफर होगा आसान, 1 जुलाई से शुरू होगी सीधी उड़ान सेवा

admin

Leave a Comment