September 10, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

देहरादून में अवैध निर्माणों पर एमडीडीए का शिकंजा, फ्लैट और डुप्लैक्स परियोजनाओं समेत चार भवन सील




देहरादून में अवैध निर्माणों के खिलाफ मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए नियमों की अनदेखी करने वालों को स्पष्ट संदेश दिया है। मंगलवार को प्राधिकरण की टीम ने कुल्हान और चन्द्रवनी क्षेत्र में अभियान चलाकर चार भवनों को सील कर दिया। इनमें फ्लैट और डुप्लैक्स निर्माण परियोजनाएं भी शामिल हैं, जिनके संबंध में लंबे समय से शिकायतें प्राप्त हो रही थीं।

एमडीडीए अधिकारियों के अनुसार संबंधित निर्माण कार्य बिना आवश्यक स्वीकृतियों और निर्धारित मानकों का पालन किए बिना किए जा रहे थे। शिकायतों के बाद प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि भवन निर्माण कार्य नियमानुसार स्वीकृत नहीं थे और कई मामलों में निर्माण मानचित्र एवं विकास नियमों का उल्लंघन किया गया था।

इसके बाद उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए चारों भवनों को सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान एमडीडीए अधिकारियों और प्रवर्तन दल की टीम मौजूद रही। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था को बख्शा नहीं जाएगा।

एमडीडीए ने लोगों से भी अपील की है कि भवन निर्माण शुरू करने से पहले सभी आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करें और निर्धारित मानकों का पालन करें, ताकि भविष्य में कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।

Leave a Comment