August 21, 2026
Daily Lok Manch
अंतरराष्ट्रीय

Vietnam Boat Accident वियतनाम में बड़ा नाव हादसा: फू क्वोक द्वीप के पास टूरिस्ट बोट पलटी, 15 भारतीय पर्यटकों की मौत, 21 लोगों को बचाया

वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के पास शनिवार को एक दर्दनाक नाव हादसा हो गया। भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक टूरिस्ट बोट समुद्र में पलट गई, जिसमें अब तक कम से कम 15 भारतीय पर्यटकों की मौत की पुष्टि हुई है। हादसे के समय नाव में 32 भारतीय पर्यटक और 4 क्रू मेंबर सवार थे।

बताया जा रहा है कि तेज लहरों और खराब मौसम के कारण नाव फू क्वोक के पास होन मे रुट नगोई द्वीप के नजदीक पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अब तक 21 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जिनमें तीन क्रू मेंबर और एक अटेंडेंट भी शामिल हैं।

वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए हो ची मिन्ह सिटी और हनोई में इमरजेंसी रिस्पॉन्स सेंटर स्थापित किए गए हैं। दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर कहा कि हादसे से जुड़ी पूरी जानकारी जुटाई जा रही है और स्थानीय प्रशासन लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है।

स्थानीय मीडिया के मुताबिक, स्पीडबोट ‘हॉन मे रुट आइलैंड’ से ‘एन थोई पोर्ट’ की ओर जा रही थी। इसी दौरान किनारे से करीब 400 मीटर दूर समुद्र में खराब मौसम के चलते नाव पलट गई। बचाव अभियान में शामिल एक बोट ऑपरेटर ने बताया कि उनकी टीम कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन कई यात्री पलटी हुई नाव के अंदर फंसे होने के कारण राहत कार्य काफी चुनौतीपूर्ण रहा।

गौरतलब है कि पिछले साल जुलाई 2025 में भी वियतनाम के हा लॉन्ग बे में एक टूरिस्ट बोट तूफान के दौरान पलट गई थी। उस हादसे में 39 लोगों की जान गई थी, जिसे पिछले दो दशकों में देश की सबसे भीषण समुद्री दुर्घटनाओं में से एक माना गया था।

Leave a Comment