बदरीनाथ धाम में शुक्रवार को उस समय दुखद हादसा हो गया, जब तप्त कुंड में स्नान के दौरान दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई। दोनों महिलाएं राजस्थान के भीलवाड़ा जिले की रहने वाली थीं और आपस में रिश्ते की बहनें बताई जा रही हैं। घटना के बाद मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतकों की पहचान 71 वर्षीय रामु देवी, पत्नी अमरचंद शर्मा और 73 वर्षीय प्रेम देवी, पत्नी मदन शर्मा के रूप में हुई है। दोनों राजस्थान के भीलवाड़ा की निवासी थीं।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान से 100 से अधिक श्रद्धालुओं का एक दल 4 सितंबर से बदरीनाथ धाम में ठहरा हुआ है। यह दल धाम में कथा का आयोजन भी कर रहा है। शुक्रवार को दल की चार महिला श्रद्धालु संकल्प के तहत 108 डुबकी लगाने के लिए तप्त कुंड पहुंची थीं।
बताया जा रहा है कि स्नान के दौरान रामु देवी और प्रेम देवी अचानक बेहोश हो गईं और कुंड में गिर गईं। वहां मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारियों को भी इसकी जानकारी दी गई। हादसे के बाद राजस्थान से आए श्रद्धालुओं के दल में मातम का माहौल है। दोनों महिलाओं के साथ यात्रा पर आए श्रद्धालु इस घटना से बेहद दुखी हैं।
बदरीनाथ धाम में तप्त कुंड श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां दर्शन से पहले बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान करते हैं। हादसे ने एक बार फिर धार्मिक स्थलों पर बुजुर्ग श्रद्धालुओं के स्नान के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है।

