देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को टिहरी लोकसभा क्षेत्र के संगठनात्मक विषयों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संयुक्त रूप से की। बैठक में टिहरी लोकसभा क्षेत्र के सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। आगामी पार्टी कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। प्रदेश नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने तथा आम जनता के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने पर जोर दिया।
बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की रणनीति पर भी मंथन किया गया। नेताओं ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं को जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं से लगातार जुड़े रहना चाहिए।
भाजपा नेतृत्व ने संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। साथ ही आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत भारद्वाज, तरुण बंसल, कैबिनेट मंत्री खजान दास सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और आगामी कार्यक्रमों के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

