September 10, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

नैनीताल में सीएम धामी ने शेर नाला पर 9.93 करोड़ के पुल का किया लोकार्पण, आवागमन की समस्या होगी दूर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जिले के चोरगलिया क्षेत्र के दौरे के दौरान जनता से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए और कहा कि छोटी-छोटी समस्याओं के लिए लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में 9.93 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 120 मीटर लंबे डबल लेन आरसीसी पुल का लोकार्पण किया। मानसून के दौरान शेर नाला के उफान पर आने से यहां आवागमन बाधित हो जाता था, जिससे स्थानीय लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता था। पुल के निर्माण से क्षेत्रीय जनता के साथ पर्यटकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।

इस दौरान राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल समेत जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment