Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 18, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड मौसम

उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर: कई जिलों में लैंडस्लाइड, 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट


उत्तराखंड में मंगलवार को मौसम का मिजाज बेहद खराब बना हुआ है। देर रात से प्रदेश के कई हिस्सों में रुक-रुक कर तेज बारिश हो रही है। देहरादून, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, टिहरी, चमोली और उत्तरकाशी में सुबह से ही भारी बारिश दर्ज की गई है।


देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में नंदा की चौकी के पास टौंस नदी पर बने नए पुल के एप्रोच मार्ग में बड़ा गड्ढा बनने से देहरादून-विकासनगर-पांवटा साहिब मार्ग पर यातायात फिर प्रभावित हो गया है।
वहीं, चमोली, टिहरी, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में मंगलवार सुबह कई जगह लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आईं। चमोली जिले के कंचननाला में मलबा आने से बद्रीनाथ हाईवे बाधित हो गया है। रुद्रप्रयाग में कुंड-काकड़ा के बीच मलबा गिरने से केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग बंद है।


केदारनाथ यात्रा पर भी बारिश का असर पड़ा है। सोनप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे बाधित होने के कारण सोनप्रयाग से केदारनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
मौसम विभाग ने राज्य के 9 जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधम सिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल शामिल हैं। इन जिलों में तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने और अत्यधिक बारिश की संभावना जताई गई है।


प्रदेश के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए देहरादून, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, पौड़ी और चमोली में स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।


देहरादून में बारिश का दौर जारी


देहरादून में देर रात से लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, शहर में आज बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक वाली बौछारों के कई दौर हो सकते हैं। कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है।


प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा जरूरत न होने पर यात्रा से बचने की अपील की है। देहरादून में अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम तापमान 24°C रहने का अनुमान है।

Leave a Comment