Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 15, 2026
Daily Lok Manch
Recent धर्म/अध्यात्म राष्ट्रीय

गणेश चतुर्थी का पर्व आज : बप्पा के स्वागत में उमंग और भक्ति के साथ देशभर में गणेश उत्सव की धूम, घर-घर विराजे बप्पा




देशभर में आज गणेश चतुर्थी का पर्व बड़े ही श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। आज के दिन करोड़ों घरों और सार्वजनिक पंडालों में विघ्नहर्ता भगवान गणेश की स्थापना हो रही है। भक्तजन बप्पा को लड्डू, मोदक और अन्य प्रसाद अर्पित कर मंगलकामना कर रहे हैं।

मुंबई और महाराष्ट्र में गणेश उत्सव की रौनक सबसे खास दिखाई दे रही है। ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से गलियां और चौक गूंज रहे हैं। शहरभर में भव्य पंडाल सजाए गए हैं, जिनमें लालबागचा राजा के दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालु उमड़े हैं। इस साल लालबागचा राजा का मंडप भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिकता की झलक दिखा रहा है।

वहीं, जीएसबी सेवा मंडल के गणपति को ‘गोल्डन गणेशा’ के नाम से प्रसिद्धि मिली है। इस बार मंडल ने भगवान को ढाई सौ किलो से ज्यादा सोने और चांदी के आभूषणों से अलंकृत किया है। श्रद्धालु यहां विशेष पूजा और आरती का आनंद ले रहे हैं।

मुंबईचा राजा (गणेश गली) पंडाल इस बार ऐतिहासिक धरोहर की थीम पर सजाया गया है, जिसमें भारत की स्थापत्य कला और प्राचीन मंदिरों की झलक देखने को मिल रही है। इसके अलावा अंधेरी, गिरगांव और दादर के प्रमुख मंडल भी अपनी अनोखी सजावट और सामाजिक संदेशों के कारण आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

वहीं, दिल्ली, कर्नाटक, गुजरात, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश समेत पूरे देश में भी गणेश उत्सव की धूम देखने को मिल रही है।

गणेश चतुर्थी से शुरू होने वाला यह उत्सव 10 दिनों तक चलेगा और अनंत चतुर्दशी के दिन बप्पा की भव्य शोभायात्राओं के साथ विसर्जन किया जाएगा। इस बीच भक्तों के बीच “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” की गूंज हर ओर सुनाई देगी।

Leave a Comment