Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 18, 2026
Daily Lok Manch
Recent

दिल्ली में एफएसएसएआई की बड़ी कार्रवाई, 50 हजार से अधिक संदिग्ध खाद्य पैकेट जब्त

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने मिलावटी और फर्जी लेबल वाले खाद्य उत्पादों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दक्षिण-पश्चिम दिल्ली स्थित एक खाद्य कारोबारी के परिसर से 50 हजार से अधिक संदिग्ध खाद्य पैकेट जब्त किए हैं। मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

खुफिया सूचना के आधार पर हुई संयुक्त कार्रवाई

खुफिया सूचना के आधार पर की गई संयुक्त कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने पाया कि विभिन्न ब्रांडों के खाद्य और गैर-खाद्य उत्पादों पर कथित तौर पर निर्माण तिथि, एक्सपायरी डेट, बैच नंबर और अन्य लेबल संबंधी जानकारियों में अवैध रूप से बदलाव किया जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि उत्पादों पर भ्रामक जानकारी अंकित कर उन्हें बाजार में बेचने की तैयारी की जा रही थी।

स्टांप, सॉल्वेंट और प्रिंटिंग मशीनें बरामद

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परिसर से स्टांप, रासायनिक सॉल्वेंट और लेबल छापने में इस्तेमाल होने वाली प्रिंटिंग मशीनें भी बरामद कीं। प्रारंभिक जांच के अनुसार इनका इस्तेमाल उत्पादों के लेबल बदलने और उन पर फर्जी जानकारी अंकित करने के लिए किया जा रहा था।

दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई

एफएसएसएआई ने स्पष्ट किया है कि खाद्य मिलावट, भ्रामक लेबलिंग और उपभोक्ता सुरक्षा से जुड़े किसी भी उल्लंघन के प्रति उसकी जीरो टॉलरेंस नीति है। प्राधिकरण ने कहा कि दोषियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लोगों से संदिग्ध उत्पादों की सूचना देने की अपील

एफएसएसएआई ने आम लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी नकली ब्रांड या संदिग्ध खाद्य उत्पाद की जानकारी मिले तो वे फूड सेफ्टी कनेक्ट मोबाइल ऐप या एफओएससीओएस शिकायत निवारण पोर्टल के माध्यम से इसकी सूचना दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।

Leave a Comment