Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 13, 2026
Daily Lok Manch
हिमाचल

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर में बोलेरो खाई में गिरी, चार लोगों की मौत, पांच गंभीर घायल



सिरमौर जिले के श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत संगड़ाह उपमंडल के गत लोग क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने देर रात दुर्घटना की आवाज सुनकर तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने खाई में फंसे घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया और घटना की सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि सभी घायल गंभीर अवस्था में हैं और उनका अस्पताल में उपचार जारी है।

हादसे में जान गंवाने वाले चारों लोगों के शव पुलिस ने कब्जे में ले लिए हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक की लहर है, वहीं क्षेत्र में भी मातम का माहौल है।

पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर खाई में कैसे गिरा, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Leave a Comment