August 27, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

चम्पावत में विकास योजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण, धामी बोले- सशक्त मातृशक्ति ही समृद्ध उत्तराखंड की ताकत



रक्षाबंधन के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत के रामलीला मैदान धूरा में आयोजित ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव-2026’ में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने जिले के सर्वांगीण विकास के लिए ₹62.97 करोड़ की लागत वाली 50 महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई नई घोषणाएं भी कीं। इनमें धूरा में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्थान पर पेयजल योजना, धूरा से सेतीचौड़ ब्याला तक संपर्क मोटर मार्ग, ककनई के तोक बूंगा दुर्गापीपल तक सड़क निर्माण तथा भागिना भंडारी में राजकीय इंटर कॉलेज एवं राजकीय प्राथमिक विद्यालय दयारतोली तक सीसी मार्ग व इंटरलॉकिंग टाइल्स का निर्माण शामिल है। इसके अलावा धन और बस्तियागूंठ के विभिन्न मंदिरों के सौंदर्यीकरण की घोषणा भी की गई।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में भूकटाव एवं बाढ़ सुरक्षा के लिए वायरक्रेट कार्य, पोथ की लदिया नदी पर झूला पुल, दियूरी से चौड़ा तक सड़क का सुधारीकरण एवं डामरीकरण, डांडा ककनई में सिंचाई नलकूप, सुखीढांग-डांडा-मीनार मोटर मार्ग पर हॉटमिक्स तथा बुडम के कठोल में झूला पुल निर्माण की भी घोषणा की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुमाऊंनी भाषा में मातृशक्ति से संवाद किया और कहा कि वह अपनी बहनों, माताओं, बेटियों और भांजियों के बीच अपने घर आए हैं। उन्होंने मातृशक्ति से रक्षा सूत्र बंधवाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान हिमालय और प्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ मेहनती, साहसी एवं आत्मनिर्भर मातृशक्ति से भी है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण का उद्देश्य केवल सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना नहीं, बल्कि महिलाओं को शिक्षित, स्वस्थ, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाकर परिवार व समाज के निर्णयों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक स्वावलंबन के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि लखपति दीदी बनने के बाद प्रदेश की माताएं-बहनें आगे बढ़कर करोड़पति बनें। स्वयं सहायता समूहों के स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए भी सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक महिला के आत्मनिर्भर होने से पूरा परिवार आत्मनिर्भर बनता है। परिवार से गांव, गांव से समाज और समाज के सशक्त होने पर पूरा उत्तराखण्ड सशक्त एवं समृद्ध बनेगा।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। बाल विकास विभाग के स्टॉल पर उन्होंने बच्चियों के साथ केक काटकर ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का संदेश दिया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Comment