September 23, 2026
Daily Lok Manch
Budget राष्ट्रीय शिक्षा और रोज़गार

Education Budget 2026: एजुकेशन सेक्टर को बड़ा बूस्ट, पांच नई यूनिवर्सिटी से लेकर हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल तक कई एलान



केंद्रीय बजट 2026 में शिक्षा क्षेत्र को मजबूत करने के लिए सरकार ने कई अहम घोषणाएं की हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट भाषण में कहा कि सरकार का फोकस गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रिसर्च और स्किल डेवलपमेंट पर है। इसी दिशा में नई यूनिवर्सिटी, मेडिकल संस्थान, गर्ल्स हॉस्टल और कंटेंट क्रिएटिव लैब जैसी योजनाओं का ऐलान किया गया है।

पांच नई यूनिवर्सिटी और STEM एजुकेशन पर जोर

वित्त मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार राज्यों को पांच नई यूनिवर्सिटी स्थापित करने में मदद करेगी। ये यूनिवर्सिटी विशेष शैक्षिक जोन में बनाई जाएंगी। इसके साथ ही उच्च शिक्षा के क्षेत्र में STEM (Science, Technology, Engineering and Mathematics) यूनिवर्सिटी की स्थापना का भी प्रस्ताव है, जिससे तकनीकी और वैज्ञानिक शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।

हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल

युवतियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल स्थापित किए जाएंगे। इसका मकसद छात्राओं को सुरक्षित आवास सुविधा देना है, ताकि वे बिना किसी बाधा के पढ़ाई पर ध्यान दे सकें और क्लासरूम में ज्यादा समय बिता सकें।

मेडिकल और आयुर्वेद सेक्टर में विस्तार

सरकार मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा देने की दिशा में भी कदम उठा रही है। इसके तहत देश में 5 क्षेत्रीय मेडिकल सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा 3 नए आयुर्वेद संस्थान खोलने का भी प्रस्ताव है, जिससे पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को मजबूती मिलेगी।

एजुकेशन और रिसर्च से जुड़े अन्य बड़े ऐलान

नक्षत्र विज्ञान (Astronomy) को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास

डिजिटल नॉलेज ग्रिड की स्थापना और पांडुलिपियों के संरक्षण व डिजिटलीकरण पर जोर

रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए नया इको-सिस्टम तैयार किया जाएगा

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और कश्मीर में इकोलॉजिकली सस्टेनेबल ट्रैकिंग सिस्टम विकसित किया जाएगा

वेटनरी कॉलेज और अस्पताल बनाए जाएंगे, साथ ही टेस्टिंग लैब को अपग्रेड किया जाएगा

चार नई टेलिस्कोप इंफ्रास्ट्रक्चर फैसिलिटी स्थापित की जाएंगी


कंटेंट क्रिएटर लैब और क्रिएटिव सेक्टर को बढ़ावा

एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स (AVGC) सेक्टर की बढ़ती मांग को देखते हुए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव टेक्नोलॉजीज के माध्यम से 15,000 माध्यमिक विद्यालयों और 500 कॉलेजों में ‘AVGC कंटेंट क्रिएटर लैब’ स्थापित की जाएंगी। इसके लिए मुंबई स्थित भारतीय रचनात्मक प्रौद्योगिकी संस्थान को सहायता दी जाएगी।

खेल क्षेत्र में भी नया मिशन

खेलों में बदलाव लाने और युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने ‘खेलो इंडिया मिशन’ शुरू करने का भी प्रस्ताव रखा है।

कुल मिलाकर, बजट 2026 में एजुकेशन, रिसर्च, मेडिकल और क्रिएटिव सेक्टर को केंद्र में रखते हुए कई दूरगामी घोषणाएं की गई हैं, जो आने वाले वर्षों में युवाओं के लिए नए अवसर पैदा कर सकती हैं।

Leave a Comment