Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 9, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

नेपाल में आपदा प्रभावितों की मदद के लिए उत्तराखंड से राहत दल रवाना, धामी ने दिखाई हरी झंडी


गोर्खाली सुधार सभा के नेतृत्व में आठ सदस्यीय दल नेपाल पहुंचकर प्रभावित परिवारों की करेगा मदद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से गोर्खाली सुधार सभा के केंद्रीय अध्यक्ष पदम सिंह थापा के नेतृत्व में आठ सदस्यीय नेपाल आपदा राहत सहायता दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह दल नेपाल में आपदा प्रभावित परिवारों की सहायता के साथ एक गांव को गोद लेकर वहां राहत और पुनर्वास कार्यों में सहयोग करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि नेपाल भारत का केवल पड़ोसी देश नहीं है, बल्कि दोनों देशों के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक और भावनात्मक संबंध भी बेहद गहरे हैं। प्राकृतिक आपदा की इस मुश्किल घड़ी में उत्तराखंड और देश के लोग नेपाल के प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि संकट के समय जरूरतमंदों की सहायता करना मानवीय जिम्मेदारी है। गोर्खाली सुधार सभा के केंद्रीय अध्यक्ष पदम सिंह थापा ने बताया कि राहत दल प्रभावित लोगों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के साथ एक गांव को गोद लेकर वहां के परिवारों को हरसंभव सहयोग देगा। बच्चों की शिक्षा के लिए स्कूल भवन के निर्माण में भी मदद की जाएगी। इसके अलावा विद्यार्थियों को पुस्तकें और अन्य पठन-पाठन सामग्री वितरित की जाएगी। राहत कार्यों को प्रभावी बनाने के लिए नेपाल सरकार और वहां की स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है। सभा की मीडिया प्रभारी प्रभा शाह ने बताया कि आपदा के बाद नेपाल में राहत सहायता पहुंचाने के लिए गोर्खाली सुधार सभा ने कमेटी गठित कर सहयोग का आह्वान किया था। सभा की विभिन्न शाखाओं और सहयोगी संस्थाओं ने भी राहत कार्यों के लिए सहयोग दिया है। इस अवसर पर गोर्खा कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष अभिषेक शाही, शहीद मेजर दुर्गा मल्ल मंडल के अध्यक्ष राजीव गुरूंग, शमशेर थापा, टेकू थापा मगर, शंकर थापा, डम्मर थापा और लव तमांग समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Comment