पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना के दौरान मुख्यमंत्री ने विकसित भारत की कामना करते हुए भगवान से प्रार्थना की कि देश प्रगति के पथ पर तेजी से आगे बढ़े, प्रत्येक नागरिक समृद्ध हो और भारत विश्व भर में एक सशक्त और विकसित राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बनाए।
अपनी यात्रा के अनुभव साझा करते हुए गुप्ता ने कहा, ‘‘बदरीनाथ धाम की दिव्यता और शांति मन को असीम सुख देती है। यह मेरा सौभाग्य है कि मुझे यहां आकर भगवान बदरी विशाल के दर्शन करने का अवसर मिला। इस पवित्र स्थल पर आकर मैंने न केवल दिल्ली और उसके निवासियों के लिए बल्कि पूरे भारतवर्ष के उज्ज्वल भविष्य और एक पूर्ण विकसित राष्ट्र बनने की कामना की।’’
दिल्ली की मुख्यमंत्री ने रविवार को हरिद्वार में परिवार समेत गंगा स्नान कर पूजा-अर्चना की थी और मां गंगा से यमुना को भी उनके जैसी स्वच्छ, अविरल और सुंदर बनाने की प्रार्थना की थी।
उन्होंने यात्रियों से बातचीत के दौरान उनकी समस्याएं सुनीं और बद्रीनाथ धाम में तीर्थयात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। रेखा गुप्ता ने अपनी यात्रा के अंत में “जय बद्री विशाल” का उद्घोष किया और सभी से इस पवित्र स्थल की यात्रा करने का आग्रह किया।

