देहरादून की सरकारी स्कूल शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने पहली बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके पति सौरभ खत्री और ननद चारू (सुरभि) खत्री को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की मां और अन्य गवाहों के बयान, डिजिटल साक्ष्यों तथा मौत से पहले सृष्टि द्वारा अपनी मां को भेजे गए भावुक वीडियो की जांच के बाद गिरफ्तारी की गई। वीडियो में सृष्टि ने शादी के बाद लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलने की बात कही थी।
29 जुलाई 2026 को सृष्टि की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मायके पक्ष ने पति, सास और ननद पर दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या करने का आरोप लगाया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पहले एसएसपी ने विशेष जांच टीम (SIT) बनाई और बाद में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जांच सीबी-सीआईडी को सौंप दी गई।
3 पॉइंट्स में पूरा मामला
1. शादी के 8 महीने बाद संदिग्ध मौत
पौड़ी गढ़वाल के श्रीकोट निवासी सृष्टि कंडारी सरकारी स्कूल में गणित की शिक्षिका थीं। नवंबर 2025 में उनकी शादी देहरादून के हर्रावाला निवासी और उत्तराखंड सचिवालय में निजी सचिव सौरभ खत्री से हुई थी। शादी के करीब आठ महीने बाद, 29 जुलाई 2026 को उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल पक्ष ने इसे आत्महत्या बताया।
2. मौत से पहले मां को भेजा भावुक वीडियो
मौत से कुछ घंटे पहले सृष्टि ने अपनी मां को एक वीडियो भेजा, जिसमें वह रोते हुए कह रही थीं कि पिछले छह महीनों से लगातार प्रताड़ना झेल रही हैं और अब यह सब सहन नहीं हो रहा। पुलिस इस वीडियो को मामले का अहम सबूत मान रही है।
3. शिकायत के बाद हुई गिरफ्तारी
वीडियो मिलने के बाद सृष्टि की मां ने बेटी और ससुराल पक्ष से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। देहरादून पहुंचने पर सृष्टि की मौत की जानकारी मिली। इसके बाद मां ने पति, सास और ननद के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। जांच के बाद पुलिस ने पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले की जांच आगे जारी है।

