Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 7, 2026
Daily Lok Manch
Recent अंतरराष्ट्रीय राष्ट्रीय

कॉमनवेल्थ गेम्स : भारत का शानदार प्रदर्शन, 8 गोल्ड समेत 30 मेडल जीते, जैस्मिन, प्रीति और सोमन बने चैंपियन



कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। भारतीय दल ने शनिवार को तीन और स्वर्ण पदक जीतकर कुल गोल्ड मेडल की संख्या 8 कर ली है। महिला बॉक्सिंग में जैस्मिन लांबोरिया (57 किग्रा) और प्रीति पवार (54 किग्रा) ने अपने-अपने फाइनल मुकाबले जीतकर देश को गोल्ड दिलाया, जबकि पैरा एथलेटिक्स की पुरुष शॉटपुट F-57 स्पर्धा में सोमन राणा ने सीजन बेस्ट प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

इन तीन गोल्ड के साथ भारत के कुल पदकों की संख्या 30 हो गई है। भारत अब 8 गोल्ड, 11 सिल्वर और 11 ब्रॉन्ज के साथ कॉमनवेल्थ गेम्स की मेडल टैली में छठे स्थान पर पहुंच गया है।

जैस्मिन और प्रीति ने बॉक्सिंग में लहराया तिरंगा

महिला 57 किग्रा वर्ग के फाइनल में भारत की जैस्मिन लांबोरिया ने नॉर्दर्न आयरलैंड की मिकाएला वॉल्स को हराकर गोल्ड मेडल जीता। वहीं महिला 54 किग्रा वर्ग में प्रीति पवार ने कनाडा की सवाना डोलमागो को हराकर भारत की झोली में एक और स्वर्ण पदक डाला।

हालांकि पुरुष 55 किग्रा वर्ग के फाइनल में भारत के जादुमणि सिंह को ऑस्ट्रेलिया के जाई डिकसन के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा और उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।

सोमन राणा का सीजन बेस्ट, शुभम को सिल्वर

पैरा एथलेटिक्स की पुरुष शॉटपुट F-57 स्पर्धा में भारत के सोमन राणा ने 13.40 मीटर का सीजन बेस्ट थ्रो करते हुए गोल्ड मेडल जीता। इसी स्पर्धा में भारत के शुभम जुयाल ने 13.28 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो कर सिल्वर मेडल अपने नाम किया।

F-57 कैटेगरी उन खिलाड़ियों के लिए होती है जिनके पैरों में कमजोरी होती है, लेकिन उनके ऊपरी शरीर की ताकत सामान्य रहती है।

ट्रिपल जंप में भारत के दो और मेडल

पुरुष ट्रिपल जंप में भी भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो पदक जीते। प्रवीण चित्रावेल ने 16.58 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया, जबकि सेल्वा प्रभु ने 16.52 मीटर की छलांग लगाकर ब्रॉन्ज मेडल जीता। इस स्पर्धा का गोल्ड जाम्बिया के जॉर्डन स्कॉट ने 16.72 मीटर के जंप के साथ जीता।

प्रीति का शानदार करियर

हरियाणा की बॉक्सर प्रीति पवार इससे पहले 2022 एशियन चैंपियनशिप और 2023 एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकी हैं। उन्होंने 2024 पेरिस ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। इसके अलावा 2025 वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल और 2026 एशियन चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उनकी ट्रेनिंग एनएस-एनआईएस पटियाला में होती है।

दुनिया की नंबर-1 बॉक्सर हैं जैस्मिन

हरियाणा की जैस्मिन लांबोरिया मौजूदा समय में महिला 57 किग्रा वर्ग की दुनिया की नंबर-1 बॉक्सर हैं। उन्होंने 2025 वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप और वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल में भी गोल्ड जीता था। जैस्मिन 2024 पेरिस ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं और 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल भी जीत चुकी हैं।

जूडो में उन्नति शर्मा क्वार्टर फाइनल में

जूडो की महिला 63 किग्रा स्पर्धा में भारत की उन्नति शर्मा ने राउंड ऑफ-16 में लामुलेला मागागुला को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।

भारत के कई खिलाड़ी आज गोल्ड के लिए उतरेंगे

भारतीय मुक्केबाजों के लिए आज का दिन बेहद अहम है। कई भारतीय खिलाड़ी अपने-अपने फाइनल मुकाबलों में गोल्ड मेडल के लिए चुनौती पेश करेंगे।

बॉक्सिंग फाइनल का कार्यक्रम:

– जादुमणि सिंह (55 किग्रा)
– साक्षी चौधरी (51 किग्रा)
– प्रिया घंघास (60 किग्रा)
– अरुंधति चौधरी (70 किग्रा)
– लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा)
– सचिन सिवाच (60 किग्रा)
– अंकुश पंघाल (80 किग्रा)
– नरेंद्र बरवाल (90+ किग्रा)

एथलेटिक्स और पैरा एथलेटिक्स में भी पदक की उम्मीद

भारत के खिलाड़ी एथलेटिक्स और पैरा एथलेटिक्स की कई स्पर्धाओं में भी पदक की दौड़ में हैं। पुरुष पोल वॉल्ट में देव मीणा और कुलदीप कुमार, पुरुष 5000 मीटर में गुलवीर सिंह तथा मिक्स्ड 4×400 मीटर रिले टीम भारत के लिए पदक जीतने की कोशिश करेगी।

जूडो, ट्रैक साइक्लिंग और लॉन बॉल्स में भी मुकाबले

जूडो में करणजीत सिंह मान, हर्ष तोकस और इनुंगानबी ताखेल्लामबम अपने शुरुआती मुकाबलों में उतरेंगे।

ट्रैक साइक्लिंग में दिनेश कुमार और हर्षवीर सिंह सेखों पुरुष 10 किमी स्क्रैच रेस क्वालिफाइंग में हिस्सा लेंगे। क्वालिफाई करने पर दोनों फाइनल में उतरेंगे।

लॉन बॉल्स में नवनीत सिंह और दिनेश कुमार की जोड़ी पुरुष पेयर्स सेक्शनल प्ले में इंग्लैंड का सामना करेगी। जीत मिलने पर भारतीय जोड़ी सेमीफाइनल में पहुंचेगी। महिला सिंगल्स में नयनमोनी सैकिया दक्षिण अफ्रीका की ब्रिजेट हर्सेलमैन के खिलाफ मुकाबला खेलेंगी।

निराशा भी मिली

पैरा एथलेटिक्स की पुरुष 1500 मीटर T54 स्पर्धा में भारत के रमेश शनमुगम सातवें स्थान पर रहे। उन्होंने 3 मिनट 23.59 सेकेंड का समय लिया।

वहीं महिला 10,000 मीटर रेस वॉक फाइनल में भारत की रवीना गायकवाड़ को रेस वॉकिंग नियमों के उल्लंघन के कारण तीन रेड कार्ड मिलने पर डिस्क्वालिफाई कर दिया गया, जिससे उनका अभियान निराशाजनक तरीके से समाप्त हो गया।

आज होंगे 44 गोल्ड मेडल इवेंट

शनिवार को कॉमनवेल्थ गेम्स में कुल 44 गोल्ड मेडल इवेंट आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें एथलेटिक्स और पैरा एथलेटिक्स के 19, बॉक्सिंग के 14, ट्रैक एवं पैरा ट्रैक साइक्लिंग के 6 तथा जूडो के 5 फाइनल शामिल हैं। भारत को इन स्पर्धाओं में कई और पदकों की उम्मीद है।

Leave a Comment