देहरादून में ध्वनि प्रदूषण पर बड़ी कार्रवाई, 43 धार्मिक स्थलों से हटाए गए लाउडस्पीकर - Daily Lok Manch PM Modi USA Visit New York Yoga Day
August 6, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

देहरादून में ध्वनि प्रदूषण पर बड़ी कार्रवाई, 43 धार्मिक स्थलों से हटाए गए लाउडस्पीकर




देहरादून में ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण और सार्वजनिक शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दून पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण को लेकर जारी दिशा-निर्देशों के शत-प्रतिशत अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए संचालित किया गया।

अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पॉल्युशन कंट्रोल बोर्ड) के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से धार्मिक स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्रों (लाउडस्पीकर) की ध्वनि सीमा की जांच की गई। जांच में निर्धारित मानकों से अधिक आवाज में संचालित किए जा रहे लाउडस्पीकरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 43 धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर हटवाए गए।

पुलिस ने संबंधित धार्मिक स्थलों के संचालकों और अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों को भविष्य में सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना तथा निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन किए बिना लाउडस्पीकर का उपयोग नहीं करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्हें ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियमों, सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों तथा शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देकर नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी किया गया।

दून पुलिस ने स्पष्ट किया कि ध्वनि प्रदूषण से आम नागरिकों के स्वास्थ्य और दैनिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसलिए नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। पुलिस ने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि कोई व्यक्ति या संस्था बिना अनुमति अथवा निर्धारित ध्वनि सीमा का उल्लंघन करते हुए लाउडस्पीकर का संचालन करती पाई गई, तो उसके विरुद्ध संबंधित अधिनियमों एवं नियमों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि जनपद में शांति, कानून व्यवस्था और ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण के नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित किया जा सके।

Related posts

पुलिस स्मृति दिवस पर सीएम धामी ने शहीद पुलिस जवानों के परिजनों को किया सम्मानित

admin

Uttarakhand : सीएम पुष्कर सिंह धामी की सुरक्षा में तैनात गार्ड ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

admin

उत्तराखंड में 147 पाकिस्तानी नागरिकों को भारतीय नागरिकता, कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सौंपे गए प्रमाण पत्र

admin

Leave a Comment