Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 6, 2026
Daily Lok Manch
राष्ट्रीय

आज था नामांकन का अंतिम दिन : यूपी में राज्यसभा की 10 सीटों पर तस्वीर साफ, भाजपा के 8 और सपा के 2 प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन तय


उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही चुनावी तस्वीर साफ हो गई है। नामांकन के अंतिम दिन मंगलवार को भाजपा के सभी आठ प्रत्याशियों ने अपना पर्चा दाखिल कर दिया। वहीं, समाजवादी पार्टी पहले ही दो प्रत्याशियों रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नाथवानी को मैदान में उतार चुकी है। सपा की ओर से तीसरा प्रत्याशी नहीं उतारे जाने के बाद सभी 10 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया है।

भाजपा के आठ प्रत्याशियों में धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार शामिल हैं। सभी प्रत्याशियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया।

नामांकन से पहले भाजपा के सभी आठ प्रत्याशी प्रदेश मुख्यालय पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच प्रत्याशियों को माला और पटका पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद सभी प्रत्याशी पार्टी नेताओं के साथ विधान भवन पहुंचे और नामांकन पत्र दाखिल किया।

सपा की ओर से रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नाथवानी पहले ही नामांकन दाखिल कर चुके हैं। अखिलेश यादव ने मंगलवार को तीसरा प्रत्याशी नहीं उतारने के संकेत स्पष्ट कर दिए। इसके बाद भाजपा के आठ और सपा के दो प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है। हालांकि इसकी औपचारिक घोषणा नाम वापसी की अंतिम समय सीमा खत्म होने के बाद 9 अक्टूबर को होगी।

Leave a Comment