August 29, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

राष्ट्रीय खेल दिवस पर उत्तराखंड के पहले खेल विश्वविद्यालय का सीएम धामी आज करेंगे शिलान्यास




राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त को उत्तराखंड को प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को नैनीताल जिले के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह हल्द्वानी के गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय के प्रथम चरण के निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन और शिलान्यास करेंगे।

खेल विश्वविद्यालय के निर्माण से प्रदेश के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल विज्ञान और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण की सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जाएगा। यहां खिलाड़ियों को खेल प्रशिक्षण के साथ खेल विज्ञान से जुड़ी आधुनिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। विश्वविद्यालय के सुचारू संचालन के लिए शासन की ओर से कुलपति समेत 94 पदों को पहले ही मंजूरी दी जा चुकी है।

ऐसा रहेगा सीएम धामी का कार्यक्रम

मुख्यमंत्री धामी सुबह 11:50 बजे रुद्रपुर के डीपीएस स्कूल मैदान से हेलीकॉप्टर के जरिए गौलापार के लिए रवाना होंगे। दोपहर 12 बजे वह गौलापार स्टेडियम के हेलीपैड पर पहुंचेंगे। इसके बाद 12:15 बजे से दोपहर 2 बजे तक क्रीड़ा विश्वविद्यालय में भूमि-पूजन, शिलान्यास और राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह में शामिल होंगे।

दोपहर 2:45 से 3:30 बजे तक मुख्यमंत्री हल्द्वानी स्थित आईटीडीसी फॉर्च्यून में व्यापार और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद 3:30 से 4 बजे तक आनंद बाग में स्थानीय कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। शाम 4 से 4:30 बजे तक साउथ एन्क्लेव-4, मुखानी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।

इसके बाद शाम 4:40 बजे मुख्यमंत्री एफटीआई हेलीपैड से रवाना होंगे। खेल विश्वविद्यालय की स्थापना को प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच और प्रशिक्षण देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Comment