August 26, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

8 अगस्त को तीलू रौतेली जयंती पर 13 उत्कृष्ट महिलाओं को सम्मानित करेंगे सीएम धामी


देहरादून। उत्तराखंड की वीरांगना तीलू रौतेली की जयंती के अवसर पर इस वर्ष राज्य की 13 उत्कृष्ट महिलाओं को प्रतिष्ठित तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। महिला सशक्तीकरण, खेल, शिक्षा, समाज सेवा, संस्कृति, पर्यावरण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली इन महिलाओं को 8 अगस्त को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सम्मानित करेंगे।

यह समारोह हरिद्वार बाईपास मार्ग स्थित संस्कृति विभाग के सभागार में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की 35 उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी उनके बेहतर कार्यों के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और जमीनी स्तर पर सेवाएं देने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन करना है।

उत्तराखंड सरकार ने वर्ष 2006 में वीरांगना तीलू रौतेली की जयंती के अवसर पर इस पुरस्कार की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाओं और किशोरियों को सम्मानित करना तथा समाज में महिलाओं की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाना है। यह सम्मान उन महिलाओं को प्रेरणा देता है, जिन्होंने अपने कार्यों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया है।

पिछले दो दशकों में तीलू रौतेली पुरस्कार उत्तराखंड के सबसे प्रतिष्ठित महिला सम्मानों में अपनी पहचान बना चुका है। हर वर्ष राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से चयनित महिलाओं को इस सम्मान से नवाजा जाता है। सरकार का मानना है कि ऐसे सम्मान महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ नई पीढ़ी को भी समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।

Leave a Comment