August 27, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

गोपेश्वर में सीएम धामी ने दी ₹155 करोड़ से अधिक की 63 विकास परियोजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को चमोली जनपद के गोपेश्वर में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में शिरकत करते हुए जिले को ₹155 करोड़ से अधिक की लागत वाली 63 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जिसे भाजपा ने सरकार के प्रति जनता के विश्वास और समर्थन का प्रतीक बताया।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और अधिकारियों से संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है और इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए बेहद आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चमोली सहित पूरे उत्तराखंड में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को जल्द से जल्द उनका लाभ मिल सके।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, भाजपा पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। विकास परियोजनाओं की घोषणा और सरकारी योजनाओं की जानकारी मिलने से लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

Leave a Comment