August 25, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने जिलाधिकारियों के साथ की बैठक, स्थानीय उत्पादों और मेलों को वैश्विक पहचान दिलाने पर जोर

मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय में वन डिस्ट्रिक्ट वन फेस्टिवल और उत्तराखण्ड के स्थानीय उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के संबंध में जिलाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। उन्होंने सभी जिलों को अपने स्थानीय उत्पादों, संस्कृति, परंपराओं और विशिष्ट मेलों को राष्ट्रीय एवं वैश्विक पहचान दिलाने के लिए ठोस और प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि प्रत्येक जनपद अपने किसी एक प्रमुख पर्व, मेले अथवा सांस्कृतिक आयोजन को ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन फेस्टिवल’ के रूप में विकसित करे। इसके लिए सभी जिलों में वार्षिक इवेंट कैलेंडर तैयार किया जाएगा और स्थानीय स्टेकहोल्डर्स की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने उत्तराखण्ड के प्रवासी और नॉन-रेजिडेंट उत्तराखण्डियों को भी इन आयोजनों से जोड़ने पर जोर दिया, ताकि राज्य की सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय उत्पादों को देश-दुनिया तक पहुंचाया जा सके।

बैठक में चमोली के रम्माण मेले को बड़े स्तर पर आयोजित करने और उत्तरकाशी के अनूठे बटर फेस्टिवल को व्यापक पहचान दिलाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा पौड़ी और चमोली के शरदोत्सव, हरिद्वार महोत्सव, नैनीताल विंटर कार्निवल तथा मसूरी विंटर कार्निवल को और अधिक आकर्षक एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए गए। चम्पावत के इंटरनेशनल एंगलिंग मीट को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने और उत्तरायणी मेले में एडवेंचर गतिविधियों को बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।

मुख्य सचिव ने जनपदवार निर्यात की संभावनाओं की समीक्षा करते हुए प्रत्येक जिले का बेसलाइन डेटा तैयार करने और उसके आधार पर निर्यात संवर्धन की अलग कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। निर्यात को बढ़ावा देने के लिए प्रमुख सचिव नियोजन की अध्यक्षता में एक स्थायी समिति गठित की जाएगी, जिसमें उद्योग, वन, आयुष सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और हितधारक शामिल होंगे।

उन्होंने स्थानीय उत्पादों की पहचान कर उनकी प्रोसेसिंग, पैकेजिंग, गुणवत्ता सुधार, ब्रांडिंग और मार्केटिंग पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही, विभिन्न जिलों के सफल प्रयोगों और नवाचारों को साझा कर एक जिले की अच्छी पहल को दूसरे जिलों में भी लागू करने पर जोर दिया।

बैठक में प्रमुख सचिव श्री आर. के. सुधांशु, डॉ. आर. मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव श्री शैलेश बगौली, श्री श्रीधर बाबू अद्दांकी, श्री युगल किशोर पंत, डॉ. अहमद इकबाल, श्री राजेंद्र कुमार, अपर सचिव श्री अभिषेक रोहिला सहित विभिन्न जनपदों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment