August 25, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

मुख्यमंत्री धामी की अपील- त्योहारों पर स्थानीय उत्पाद खरीदें, महिला समूहों की मेहनत को दें बढ़ावा




मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में ‘सशक्त बहना उत्सव’ के तहत स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया और विभिन्न स्थानीय उत्पादों की खरीदारी की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों से आगामी त्योहारों में स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से स्थानीय संस्कृति, परंपरा और हुनर से जुड़े विभिन्न उत्पाद तैयार कर रही है। इन उत्पादों की खरीदारी से न केवल स्थानीय कला और उत्पादों को बढ़ावा मिलता है, बल्कि महिलाओं की आजीविका मजबूत होने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में भी मदद मिलती है।

उन्होंने कहा कि त्योहारों का समय स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने का बेहतर अवसर है। प्रदेशवासी उपहार और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की खरीदारी में स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दें। स्थानीय स्तर पर तैयार हर उत्पाद की खरीद किसी परिवार की आय बढ़ाने और किसी महिला के स्वरोजगार को मजबूती देने में योगदान देती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान ने देश में स्थानीय उत्पादों के प्रति विश्वास बढ़ाया है। राज्य सरकार भी महिला स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से इस त्योहारी मौसम में स्थानीय उत्पाद खरीदने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को अपनाने से आत्मनिर्भर उत्तराखंड और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूती मिलेगी।

Leave a Comment