Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 24, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

कम ऋण-जमा अनुपात पर सख्त हुए मुख्यमंत्री धामी, बैंकों को ऋण वितरण बढ़ाने और नियमित शिविर लगाने के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में आयोजित राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (एसएलबीसी) की बैठक में प्रदेश के ऋण-जमा अनुपात (सीडी रेशियो) की विस्तृत समीक्षा करते हुए बैंकिंग व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने जिन जिलों में सीडी रेशियो अपेक्षाकृत कम है, वहां विशेष अभियान चलाकर ऋण वितरण बढ़ाने और बैंकिंग सेवाओं को आम लोगों तक बेहतर ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बागेश्वर, पौड़ी, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और टिहरी जिलों में कम ऋण-जमा अनुपात पर नाराजगी जताई। उन्होंने बैंक अधिकारियों से इन जिलों के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा, ताकि पात्र लोगों को समय पर ऋण उपलब्ध कराया जा सके और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को गति मिले।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में सीडी रेशियो कम है, वहां नियमित रूप से ऋण शिविर आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार, उद्यमिता और छोटे व्यवसायों को बढ़ावा देने के लिए लोगों तक बैंक ऋण की आसान पहुंच सुनिश्चित करना आवश्यक है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी भी पात्र व्यक्ति को बैंकिंग प्रक्रिया के कारण परेशानी नहीं होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों से बैंकिंग सेवाओं को अधिक जनोन्मुखी बनाने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर ऋण वितरण से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

Leave a Comment