हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में उत्तरांचल पंजाबी महासभा की ओर से विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए और वर्ष 1947 के भारत विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लाखों लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1947 का विभाजन केवल देश की भौगोलिक सीमाओं का बंटवारा नहीं था, बल्कि करोड़ों लोगों की साझा विरासत, संस्कृति, पहचान और भावनाओं का भी विस्थापन था। विभाजन के दौरान लाखों परिवारों को अपना घर-बार छोड़कर विस्थापन का दर्द झेलना पड़ा। उन्होंने कहा कि इस पीड़ादायक इतिहास और लोगों के बलिदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाने का निर्णय ऐतिहासिक है। इसका उद्देश्य विभाजन पीड़ित परिवारों के संघर्ष और बलिदान को याद करना तथा नई पीढ़ी को देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने कहा कि देश अपनी सांस्कृतिक जड़ों और गौरवशाली विरासत से दोबारा जुड़ रहा है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर, केदारनाथ-बद्रीनाथ धाम के पुनर्निर्माण, महाकाल लोक और करतारपुर कॉरिडोर जैसे कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत अपनी विरासत को दिव्यता और भव्यता के साथ पुनर्स्थापित कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने अनुच्छेद 370 में बदलाव, तीन तलाक की प्रथा पर रोक, नागरिकता संशोधन कानून, वक्फ कानून में संशोधन और 1984 के सिख दंगा पीड़ितों को न्याय दिलाने जैसे फैसलों का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के विकास, समृद्धि और स्वाभिमान के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। दूरस्थ क्षेत्रों से लेकर शहरी इलाकों तक स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छ पेयजल और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। राज्य की सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक स्थलों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी कुंभ को ऐतिहासिक, भव्य और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। विकास के साथ उत्तराखंड की संस्कृति, परंपरा और पहचान को संरक्षित रखना सरकार की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रक्तदान शिविर का निरीक्षण किया और रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया और विभिन्न जनपदों से पहुंचे उत्तरांचल पंजाबी महासभा के बुजुर्गों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और प्रदीप बत्रा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और उत्तरांचल पंजाबी महासभा के पदाधिकारी मौजूद रहे।

