चारधाम यात्रा 2026: केदारनाथ-बदरीनाथ में विशेष पूजा के लिए अब देना होगा ज्यादा शुल्क - Daily Lok Manch PM Modi USA Visit New York Yoga Day
May 13, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

चारधाम यात्रा 2026: केदारनाथ-बदरीनाथ में विशेष पूजा के लिए अब देना होगा ज्यादा शुल्क

उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस वर्ष 19 अप्रैल से शुरू होने जा रही है। सबसे पहले गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खुलेंगे। यात्रा की शुरुआत से पहले शासन और प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है, ताकि देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्थाएं मिल सकें।
चारधाम यात्रा शुरू होते ही केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में विशेष पूजाओं का सिलसिला भी प्रारंभ हो जाता है। इन विशेष पूजाओं में भाग लेने के लिए श्रद्धालुओं को निर्धारित शुल्क जमा करना होता है और इसके लिए ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था भी की गई है। इस बीच इस साल तीर्थ यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव सामने आया है। बदरी-केदार मंदिर समिति ने दोनों धामों में होने वाली विशेष पूजाओं के शुल्क में 10 से 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है।
बताया जा रहा है कि पिछले दो वर्षों से विशेष पूजा के शुल्क में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई थी, लेकिन इस बार व्यवस्थाओं और अन्य खर्चों को ध्यान में रखते हुए शुल्क में वृद्धि का निर्णय लिया गया है। बदरी-केदार मंदिर समिति की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से श्रद्धालु इन पूजाओं की ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। हर विशेष पूजा के लिए अलग-अलग शुल्क निर्धारित किया गया है।
केदारनाथ धाम में सुबह और शाम की विशेष पूजा
केदारनाथ धाम में मुख्य रूप से सुबह और शाम के समय विशेष पूजाएं कराई जाती हैं। सुबह की पूजा में महाभिषेक पूजा के लिए 9500 रुपये, रुद्राभिषेक के लिए 7200 रुपये, लघु रुद्राभिषेक के लिए 6100 रुपये, षोडशोपचार पूजा के लिए 5500 रुपये निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा अष्टोपचार और पंचोपचार पूजा के लिए 950 रुपये तथा पूरे दिन की विशेष पूजा के लिए 28,600 रुपये का शुल्क रखा गया है।
शाम के समय होने वाली पूजाओं में शिव अष्टोतारी पाठ के लिए 1000 रुपये, शिव सहस्त्रनाम पाठ के लिए 2000 रुपये, शिव नामावली पाठ के लिए 2000 रुपये, शिव महामंत्र स्तोत्र पाठ के लिए 2000 रुपये और शिव तांडव स्तोत्र पाठ के लिए 1900 रुपये का शुल्क निर्धारित है। वहीं पूरी शाम की आरती के लिए 2800 रुपये का शुल्क रखा गया है। इन सभी पूजाओं के शुल्क में इस वर्ष 10 से 20 प्रतिशत तक की वृद्धि की जाएगी।
हालांकि बदरी-केदार मंदिर समिति ने अभी तक नई शुल्क सूची आधिकारिक तौर पर जारी नहीं की है। बताया जा रहा है कि यात्रा शुरू होने से पहले समिति अपनी वेबसाइट पर नई दरों की सूची जारी कर देगी।
बदरीनाथ धाम में भी बढ़ेगा पूजा शुल्क
केदारनाथ की तरह बदरीनाथ धाम में भी दिन भर अलग-अलग समय पर विशेष पूजाएं कराई जाती हैं। यहां प्रातःकालीन महाभिषेक पूजा के लिए 4700 रुपये और अभिषेक पूजा के लिए 4500 रुपये का शुल्क निर्धारित है। पूरे दिन की पूजा के लिए 12,000 रुपये और श्रीमद्भागवत सप्त पाठ के लिए 51,000 रुपये का शुल्क रखा गया है।
इसके अलावा वेद पाठ और गीता पाठ के लिए 2500-2500 रुपये शुल्क तय किया गया है। शाम की आरती के दौरान कपूर आरती के लिए 201 रुपये, चंडी आरती के लिए 401 रुपये, सामान्य आरती के लिए 501 रुपये और अष्टारी पूजा के लिए 401 रुपये निर्धारित हैं। वहीं विष्णु सहस्रनाम स्तोत्र पाठ के लिए 701 रुपये और विष्णु सहस्त्र नामावली के लिए 601 रुपये शुल्क रखा गया है।
बदरीनाथ धाम में गीत गोविंद पाठ के साथ होने वाली शयन आरती के लिए 3100 रुपये का शुल्क निर्धारित है। लेकिन इस वर्ष इन सभी विशेष पूजाओं के शुल्क में भी 10 से 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की जाएगी।
बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि दोनों धामों में होने वाली विशेष पूजाओं के शुल्क में 10 से 20 प्रतिशत तक वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है। नई दरों की सूची जल्द ही समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी जाएगी, ताकि श्रद्धालु यात्रा से पहले अपनी पूजा की बुकिंग कर सकें।

Related posts

सीएम योगी ने बिजली के बिल में दी “बड़ी राहत”, कम की गईं कीमतें आज से लागू, अब यह होंगे नए रेट

admin

Uttarakhand economic Survey आर्थिक सर्वेक्षण में उभरी नई तस्वीर: चार साल में डेढ़ गुनी हुई उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था

admin

Uttrakhand IPS Resign उत्तराखंड की तेज तर्रार आईपीएस ऑफिसर रचिता जुयाल ने अचानक दिया इस्तीफा, एसपी का यह फैसला पुलिस महकमें में चर्चा का विषय बना

admin

Leave a Comment