September 12, 2026
Daily Lok Manch
राष्ट्रीय

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन : रात्रिभोज में शामिल होने पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत तमाम केंद्रीय मंत्री, कई राज्यों के सीएम भी शामिल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए पधारे ब्रिक्स देशों के नेताओं का स्वागत किया। भारत वर्ष 2026 के लिए ब्रिक्स की अध्यक्षता कर रहा है और इसी के तहत नई दिल्ली में दो दिवसीय शिखर सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।

इस बीच केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 की मेजबानी करने पर गर्व है। उन्होंने बताया कि वे अपने मंत्रिमंडलीय सहयोगियों और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ प्रधानमंत्री द्वारा विदेशी मेहमानों के सम्मान में आयोजित रात्रिभोज में शामिल होने जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी द्वारा आयोजित रात्रिभोज के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समेत कई वरिष्ठ नेता बस में सवार होकर रवाना हुए।

प्रधानमंत्री मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी, अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान सहित अन्य वैश्विक नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता का विषय “बिल्डिंग फॉर रेजिलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन एंड सस्टेनेबिलिटी” रखा गया है। यह प्रधानमंत्री मोदी के “ह्यूमैनिटी फर्स्ट” दृष्टिकोण को दर्शाता है।

ब्रिक्स समूह में ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं। वहीं, बेलारूस, क्यूबा, बोलीविया, कजाकिस्तान, मलेशिया, नाइजीरिया, थाईलैंड, युगांडा, उज्बेकिस्तान और वियतनाम इसके साझेदार देश हैं।

भारत ब्रिक्स का संस्थापक सदस्य है और इससे पहले वर्ष 2012, 2016 और 2021 में इसकी अध्यक्षता कर चुका है। भारत ने 1 जनवरी 2026 से चौथी बार ब्रिक्स की अध्यक्षता संभाली है। वर्ष 2026 ब्रिक्स की स्थापना के 20 वर्ष पूरे होने का भी महत्वपूर्ण अवसर है।

Leave a Comment