बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल और अभिनेत्री प्रीति जिंटा इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘बंटवारा 1947’ को लेकर सुर्खियों में हैं। फिल्म की रिलीज से पहले दोनों कलाकार शुक्रवार, 7 अगस्त को इसके प्रमोशन के लिए लखनऊ पहुंचे। इस दौरान सनी देओल और प्रीति जिंटा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की।
इस मुलाकात के दौरान सनी देओल और प्रीति जिंटा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ फिल्म और अन्य मुद्दों पर बातचीत की। मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने दोनों कलाकारों को हिंदू देवी-देवताओं की मूर्तियां भेंट कीं। इस दौरान तीनों ने साथ में तस्वीरें भी खिंचवाईं।
सनी देओल ने मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा कि लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर उन्हें बेहद खुशी हुई। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के साथ बातचीत बेहद सुखद और आत्मीय रही।
वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सोशल मीडिया पर मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने लिखा कि लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर मशहूर फिल्म अभिनेता सनी देओल और अभिनेत्री प्रीति जिंटा से शिष्टाचार मुलाकात हुई।
फिल्म के प्रमोशन के लिए लखनऊ पहुंचे थे कलाकार
सनी देओल और प्रीति जिंटा अपनी फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के प्रमोशन के सिलसिले में लखनऊ पहुंचे थे। इस दौरान सनी देओल के बेटे और फिल्म में अहम भूमिका निभा रहे करण देओल भी मौजूद रहे। राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी यह फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
भारत-पाकिस्तान बंटवारे की पृष्ठभूमि पर बनी है फिल्म
‘बंटवारा 1947’ की कहानी भारत-पाकिस्तान के विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म में प्यार, त्याग और हिम्मत की कहानी को दिखाया गया है। सनी देओल और प्रीति जिंटा के अलावा शबाना आजमी, करण देओल, अली फजल, अभिमन्यु सिंह, खुशी हजारे और कनिका कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म का हाल ही में नया गाना ‘तबस्सुम’ भी रिलीज हुआ है। यह गाना अली फजल-खुशी हजारे और करण देओल-कनिका कपूर के किरदारों पर फिल्माया गया है। 14 अगस्त को रिलीज होने वाली इस फिल्म की बॉक्स ऑफिस पर इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ से टक्कर होने वाली है।
previous post

