भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को भाजपा मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ की घोषणा की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी 7 अक्टूबर 2026 को जनसेवा और सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे करेंगे। इस मौके पर भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने का विशेष अभियान चलाया जाएगा।
नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सार्वजनिक जीवन की यात्रा 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री बनने के साथ शुरू हुई थी। पिछले 25 वर्षों में उन्होंने ‘जनसेवा से राष्ट्र सेवा’ के संकल्प के साथ काम किया है। उनके अनुसार, एक सामान्य भाजपा कार्यकर्ता से देश के प्रधानमंत्री और ‘प्रधान सेवक’ तक का सफर निरंतर सेवा और समर्पण की भावना को दर्शाता है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक, सामाजिक और विकास के कई क्षेत्रों में आगे बढ़ने का प्रयास किया है। उन्होंने दावा किया कि 2014 से पहले देश में निराशा और नीतिगत गतिरोध का माहौल था, जबकि अब भारत वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री के गुजरात कार्यकाल का भी उल्लेख किया। नितिन नवीन के अनुसार, नर्मदा परियोजना के जरिए लोगों तक पानी पहुंचाने और ‘वाइब्रेंट गुजरात’ के माध्यम से राज्य में निवेश एवं विकास को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि गुजरात के विकास मॉडल को आगे बढ़ाते हुए देश में भी बड़े स्तर पर विकास योजनाएं लागू की गईं।
नितिन नवीन ने युवाओं को लेकर कहा कि देश में स्टार्टअप और यूनिकॉर्न की संख्या बढ़ी है। उनके मुताबिक, युवा अब केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले उद्यमी के रूप में भी सामने आ रहे हैं। खेल के क्षेत्र में ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसे अभियानों का भी उन्होंने जिक्र किया।
महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर भाजपा अध्यक्ष ने ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ और ‘लखपति दीदी’ जैसी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि महिला-नेतृत्व वाले विकास को बढ़ावा देने के साथ राजनीतिक क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में भी कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने राम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, सोमनाथ और महाकाल कॉरिडोर का जिक्र करते हुए कहा कि विकास के साथ देश की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित और विकसित करने पर भी ध्यान दिया गया है। इसके अलावा, सीमावर्ती गांवों को ‘देश का आखिरी गांव’ कहने की सोच में बदलाव करते हुए उन्हें ‘भारत का पहला गांव’ के रूप में पहचान देने की बात कही।
नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन भाजपा हर वर्ष ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाती है। इसी क्रम में इस वर्ष 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, सेवा, विकास और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और आम लोगों से इस अभियान में जुड़ने की अपील की।

