ऑकलैंड में पीएम मोदी और क्रिस्टोफर लक्सन के बीच द्विपक्षीय वार्ता, व्यापार-रक्षा समेत कई मुद्दों पर चर्चा - Daily Lok Manch PM Modi USA Visit New York Yoga Day
July 11, 2026
Daily Lok Manch
Recent अंतरराष्ट्रीय

ऑकलैंड में पीएम मोदी और क्रिस्टोफर लक्सन के बीच द्विपक्षीय वार्ता, व्यापार-रक्षा समेत कई मुद्दों पर चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (स्थानीय समयानुसार) ऑकलैंड में न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-न्यूज़ीलैंड साझेदारी की व्यापक समीक्षा की और व्यापार, रक्षा, आर्थिक सहयोग समेत विभिन्न क्षेत्रों में संबंधों को नई मजबूती देने पर चर्चा की। इससे पहले गवर्नमेंट हाउस में प्रधानमंत्री मोदी का औपचारिक स्वागत किया गया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।

व्यापार और रक्षा सहयोग पर रहा विशेष फोकस

विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच हुई वार्ता में भारत-न्यूज़ीलैंड संबंधों के सभी प्रमुख पहलुओं पर चर्चा हुई। विशेष रूप से व्यापार, वाणिज्य, रक्षा और अन्य क्षेत्रों में पिछले कुछ वर्षों के दौरान हुई प्रगति की समीक्षा की गई तथा सहयोग को नई दिशा देने पर विचार-विमर्श किया गया।

उद्योग जगत और भारतीय समुदाय से करेंगे मुलाकात

प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को प्रमुख उद्योगपतियों और खेल जगत की हस्तियों से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वह ऑकलैंड में भारतीय समुदाय के एक बड़े कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि यह कार्यक्रम दोनों देशों के बीच जन-से-जन संबंधों को और मजबूत करेगा।

चार दशक बाद भारतीय प्रधानमंत्री का ऐतिहासिक दौरा

शुक्रवार को ऑकलैंड पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी यात्रा को ऐतिहासिक बताया था। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा था कि चार दशकों बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली न्यूज़ीलैंड यात्रा है। उन्होंने एयरपोर्ट पर स्वागत के लिए प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन का आभार जताते हुए कहा था कि वह दोनों देशों की मित्रता के सभी पहलुओं पर व्यापक चर्चा और भारतीय समुदाय से संवाद को लेकर उत्साहित हैं।

FTA के बाद संबंधों को मिलेगी नई गति

प्रधानमंत्री मोदी, प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के निमंत्रण पर न्यूज़ीलैंड की यात्रा पर पहुंचे हैं। अप्रैल में भारत-न्यूज़ीलैंड मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर हस्ताक्षर के बाद यह यात्रा दोनों देशों के बीच व्यापार और आर्थिक सहयोग को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे पहले दोनों नेताओं की मुलाकात 17 मार्च 2025 को नई दिल्ली में हुई थी, जब लक्सन भारत के आधिकारिक दौरे पर आए थे।

ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद पहुंचे न्यूज़ीलैंड

न्यूज़ीलैंड पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रेलिया की अपनी यात्रा पूरी, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ के साथ तीसरे ऑस्ट्रेलिया-भारत वार्षिक नेताओं के शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। इस दौरान दोनों देशों ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा, क्रिटिकल मिनरल्स और स्वच्छ ऊर्जा समेत कई क्षेत्रों में रणनीतिक सहयोग बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण समझौतों पर सहमति जताई।

Related posts

योगी सरकार का विजन, एआई के जरिए रोजगार और सुशासन को मिलेगी नई रफ्तार

admin

31 अगस्त, शनिवार का पंचांग और राशिफल

admin

5 मई, रविवार का पंचांग और राशिफल

admin

Leave a Comment