बलूचिस्तान दहला: क्वेटा में जाफर एक्सप्रेस के पास आत्मघाती धमाका, 30 लोगों की मौत, 82 घायल, कई डिब्बे पटरी से उतरे - Daily Lok Manch PM Modi USA Visit New York Yoga Day
June 15, 2026
Daily Lok Manch
राष्ट्रीय

बलूचिस्तान दहला: क्वेटा में जाफर एक्सप्रेस के पास आत्मघाती धमाका, 30 लोगों की मौत, 82 घायल, कई डिब्बे पटरी से उतरे



पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में रविवार को बड़ा आतंकी हमला हुआ। प्रांतीय राजधानी क्वेटा में चमन फाटक के पास रेलवे ट्रैक के नजदीक हुए आत्मघाती धमाके ने पूरे इलाके को दहला दिया। धमाके की चपेट में जाफर एक्सप्रेस आ गई, जिससे भारी जनहानि हुई। अधिकारियों के मुताबिक इस हमले में अब तक 30 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 82 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर होने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार जाफर एक्सप्रेस क्वेटा कैंट स्टेशन की ओर बढ़ रही थी, तभी रेलवे ट्रैक के पास जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना शक्तिशाली था कि ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।

विस्फोट के तुरंत बाद ट्रेन के पास आग लग गई, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस, रेस्क्यू टीम और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव अभियान तेजी से चलाया गया तथा घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धमाके के असर से आसपास की इमारतों के शीशे तक टूट गए। शुरुआती जांच में इसे आत्मघाती हमला माना जा रहा है। हालांकि अभी तक किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। बलूचिस्तान लंबे समय से आतंकवादी घटनाओं और अलगाववादी हिंसा का केंद्र बना हुआ है, ऐसे में इस हमले ने एक बार फिर पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जाफर एक्सप्रेस पाकिस्तान रेलवे की एक लंबी दूरी की प्रमुख पैसेंजर ट्रेन है। यह ट्रेन बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा को पाकिस्तान के बड़े शहरों से जोड़ती है।

यह बलूचिस्तान समेत कई संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरती है। हाल के सालों में बलूचिस्तान में रेलवे ट्रैक, सुरक्षा बलों और सरकारी ठिकानों पर कई बड़े हमले हो चुके हैं।

यह ट्रेन जिन इलाकों से गुजरती है वहां बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) का दबदबा है, इस वजह से इस ट्रेन को कई बार निशाने पर लिया गया है। पिछले साल BLA ने जाफर एक्सप्रेस को हाईजैक कर लिया। तब BLA ने 214 पैसेंजर्स को बंधक बनाने और 30 सैनिकों की हत्या की बात कही थी।

Related posts

पीएम मोदी के दौरे से पहले नेतन्याहू उत्साहित; जमकर की तारीफ

admin

भारत किसानों और छोटे कारोबारियों का हित सुरक्षित रखेगा: पीएम मोदी

admin

कैबिनेट की बैठक में मोदी सरकार ने तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने के प्रस्ताव को दी मंजूरी

admin

Leave a Comment