September 2, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

अमरनाथ यात्रा: 2 जुलाई से जम्मू में लागू रहेंगे सख्त ट्रैफिक प्रतिबंध, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

3 जुलाई से शुरू होने वाली वार्षिक श्री अमरनाथ यात्रा-2026 को लेकर जम्मू ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक यातायात व्यवस्था लागू की है। यात्रा के सुचारु संचालन और श्रद्धालुओं के काफिलों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए 2 जुलाई से शहर के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे।

ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार, पहला श्रद्धालु काफिला 2 जुलाई को यात्री निवास, भगवती नगर से रवाना होगा। बालटाल मार्ग के लिए काफिला सुबह 4 बजे, जबकि पहलगाम मार्ग के लिए सुबह 4:15 बजे प्रस्थान करेगा।

इन मार्गों पर रहेगा यातायात प्रतिबंध
पुलिस के अनुसार, सुबह 3:45 बजे से लेकर पहलगाम काफिले के पूरी तरह गुजरने तक कई प्रमुख मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

प्रतिबंधित मार्गों में शामिल हैं:

कैनाल हेड से श्री बंदा बहादुर चौक (भगवती नगर)
बेलीचरणा आर एंड बी ब्रिज से चौथे तवी ब्रिज की ओर
जीसीडब्ल्यू गांधी नगर फ्लाईओवर से एशिया क्रॉसिंग और बिक्रम चौक
पनामा चौक से होटल एशिया मार्ग
पीएचक्यू से बिक्रम चौक (जम्मू विश्वविद्यालय मार्ग)
वेयरहाउस से बिक्रम चौक
बी.सी. रोड, बस स्टैंड से मंडा तक तथा इससे जुड़े विभिन्न संपर्क मार्ग
राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी विशेष व्यवस्था
यात्रा अवधि के दौरान एनएच-44 पर नगवाल/पल्ली मोड़, कुंजवानी चौक, बजाल्टा कट, सिधड़ा कट, अटल चौक और टीसीपी नगरोटा में विशेष चेक और कट-ऑफ प्वाइंट बनाए जाएंगे।

इन स्थानों से रात 10 बजे के बाद भारी वाहनों (HMVs) और रात 12 बजे के बाद हल्के वाहनों (LMVs) को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी।

57 दिनों तक चलेगी यात्रा
श्री अमरनाथ यात्रा-2026 का समापन 28 अगस्त को होगा। इस वर्ष यात्रा 57 दिनों तक चलेगी।

इस बार पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों को ‘नो-फ्लाई ज़ोन’ घोषित किया गया है। सुरक्षा कारणों से श्रद्धालुओं के लिए हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध नहीं होगी।

यात्रा के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने आम नागरिकों से एडवाइजरी का पालन करने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

Leave a Comment