September 1, 2026
Daily Lok Manch
धर्म/अध्यात्म

अमरनाथ यात्रा 2026: जम्मू में ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन शुरू, पहले जत्थे की रवानगी की तैयारियां पूरी

श्री अमरनाथ यात्रा 2026 को लेकर जम्मू-कश्मीर में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। बुधवार से जम्मू में श्रद्धालुओं के लिए मौके पर ही पंजीकरण (ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन) और RFID कार्ड जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। रजिस्ट्रेशन केंद्रों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जहां यात्रा को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला।


जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा शुक्रवार को जम्मू से अमरनाथ यात्रा के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इससे पहले जम्मू और श्रीनगर के ट्रांजिट कैंपों में श्रद्धालुओं का पहुंचना लगातार जारी है।


श्रद्धालुओं ने प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि इस बार यात्रा के लिए बेहतर इंतजाम किए गए हैं। कई श्रद्धालुओं ने पहली बार बाबा बर्फानी के दर्शन का अवसर मिलने पर खुशी जताई, जबकि पहले यात्रा कर चुके श्रद्धालुओं ने भी सुविधाओं को संतोषजनक बताया। हालांकि कुछ यात्रियों ने रजिस्ट्रेशन और RFID कार्ड बनवाने में थोड़ी असुविधा की बात भी कही।


गौरतलब है कि श्री अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलेगी। श्रद्धालु पारंपरिक पहलगाम मार्ग और छोटे बालटाल मार्ग से बाबा बर्फानी के पवित्र गुफा मंदिर तक पहुंच सकेंगे।

Leave a Comment