Ajinkya Rahane Retirement : अजिंक्य रहाणे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास, 15 साल का शानदार सफर हुआ खत्म - Daily Lok Manch PM Modi USA Visit New York Yoga Day
July 30, 2026
Daily Lok Manch
Recent स्पोर्ट्स

Ajinkya Rahane Retirement : अजिंक्य रहाणे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास, 15 साल का शानदार सफर हुआ खत्म

भारत के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर अपने 15 वर्ष लंबे करियर का समापन कर दिया है। रहाणे ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा, “आपके प्यार, विश्वास और समर्थन के लिए धन्यवाद। कैप नंबर 278, साइनिंग ऑफ।”


रहाणे ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि जीवन में हर चीज़ की शुरुआत और अंत होता है तथा अब उन्हें लगता है कि आगे बढ़ने का यही सही समय है। उन्होंने कहा कि डोंबिवली से अभ्यास के लिए सफर करने वाले एक युवा खिलाड़ी के रूप में उन्होंने इस खेल को अपना सब कुछ दिया और भारत की जर्सी पहनना हमेशा उनका सबसे बड़ा सपना रहा।

उन्होंने कहा कि अपने पूरे करियर में उन्होंने हमेशा देश और टीम को स्वयं से ऊपर रखा। उनके अनुसार, उन्होंने ईमानदारी और सही इरादे के साथ क्रिकेट खेला और यही उनकी सबसे बड़ी पूंजी रही।

रहाणे ने वर्ष 2011 में इंग्लैंड दौरे पर भारत के लिए एकदिवसीय क्रिकेट में पदार्पण किया, जबकि 2013 में टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया। उन्होंने भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 एकदिवसीय और 20 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 5,077 रन बनाए, जिसमें 12 शतक और 26 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं, वनडे में उनके नाम 2,962 रन दर्ज हैं।

रहाणे को 2020-21 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारत की ऐतिहासिक बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी जीत दिलाने वाले कप्तान के रूप में हमेशा याद किया जाएगा। नियमित कप्तान विराट कोहली की अनुपस्थिति में उन्होंने युवा टीम का नेतृत्व करते हुए भारत को ऐतिहासिक श्रृंखला विजय दिलाई थी।

अपने संदेश में उन्होंने कहा कि भारतीय क्रिकेटर के रूप में उनका अध्याय समाप्त हो रहा है, लेकिन खेल के साथ उनका सफर जारी रहेगा। अब वह अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करेंगे और क्रिकेट से मिले अनुभवों को साझा करेंगे।

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में भी रहाणे का लंबा करियर रहा। उन्होंने अब तक 212 आईपीएल मैच खेले और राजस्थान रॉयल्स, राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स, दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स तथा चेन्नई सुपर किंग्स सहित छह फ्रेंचाइजी का प्रतिनिधित्व किया। वर्ष 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ उन्होंने अपना पहला आईपीएल खिताब जीता। इसके बाद आईपीएल 2025 में वह दोबारा कोलकाता नाइट राइडर्स से जुड़े और बाद में टीम की कप्तानी भी संभाली।

Related posts

BREAKING : पांच राज्यों में चुनाव परिणाम के बाद भाजपा हाईकमान ने गृहमंत्री अमित शाह और जेपी नड्डा को दी विशेष जिम्मेदारी

admin

17 मार्च, रविवार का पंचांग और राशिफल

admin

17 जून, सोमवार का पंचांग और राशिफल

admin

Leave a Comment