August 25, 2026
Daily Lok Manch
राष्ट्रीय हिमाचल

हिमाचल में हुआ दर्दनाक हादसा, श्रद्धालुओं से भरा वाहन खाई में गिरा, 50 घायल, मां नैना देवी मंदिर से दर्शन करके लौट रहे थे



हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में मंगलवार सुबह पीर निगाह मंदिर के पास बड़ा सड़क हादसा हो गया। मंदिर से करीब दो किलोमीटर दूर उतराई में श्रद्धालुओं से भरा 14 टायर वाला मालवाहक वाहन चालक के नियंत्रण से बाहर होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरा। हादसे में करीब 50 श्रद्धालुओं के घायल होने की सूचना है। घायलों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं।



हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और आसपास मौजूद अन्य श्रद्धालुओं ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। निजी वाहनों और 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस थाना ऊना की टीम भी मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी। पुलिस घायलों के बयान भी दर्ज कर रही है।



जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार हुए श्रद्धालु हरियाणा के करनाल जिले के इंद्री, पानीपत, फतेहाबाद और आसपास के अन्य क्षेत्रों के रहने वाले बताए जा रहे हैं। श्रद्धालु अपने रिश्तेदारों के साथ रविवार को पीर निगाह पहुंचे थे। यहां उन्होंने मंदिर में माथा टेका और लंगर भी लगाया।

मंगलवार सुबह श्रद्धालुओं को माता नैना देवी और श्री आनंदपुर साहिब में माथा टेकने के बाद वापस हरियाणा लौटना था। इसी दौरान पीर निगाह मंदिर से कुछ दूरी पर उतराई में मालवाहक वाहन चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और सड़क किनारे खाई में जा गिरा।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है और पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Comment