Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 17, 2026
Daily Lok Manch
राष्ट्रीय

दिल्ली के कड़कड़डूमा कोर्ट में लगी भीषण आग, स्कैनिंग रूम का सामान जलकर खाक

पूर्वी दिल्ली स्थित कड़कड़डूमा कोर्ट परिसर में रविवार तड़के स्कैनिंग रूम में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना सुबह के समय हुई, जब कोर्ट में अवकाश होने के कारण सामान्य गतिविधियां बंद थीं और परिसर में केवल सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी मौजूद थे। आग की लपटें और धुआं उठता देख पुलिसकर्मियों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। अधिकारियों के अनुसार आग स्कैनिंग रूम तक ही सीमित रही, लेकिन वहां रखे लैपटॉप, कंप्यूटर उपकरण, दस्तावेजों की डिजिटल स्कैनिंग से संबंधित सामग्री तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए।

गनीमत यह रही कि स्कैनिंग रूम के बिल्कुल पास स्थित कोर्ट का रिकॉर्ड रूम आग की चपेट में आने से बच गया। यदि आग रिकॉर्ड रूम तक पहुंच जाती तो बड़ी मात्रा में महत्वपूर्ण न्यायिक दस्तावेज और अभिलेख नुकसान की जद में आ सकते थे। दमकलकर्मियों की त्वरित कार्रवाई के चलते बड़ा नुकसान टल गया।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। संबंधित एजेंसियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Leave a Comment