Himachal Pradesh में मौसम का मिजाज लगातार अस्थिर बना हुआ है। हालिया बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के बाद गुरुवार दोपहर मौसम साफ हुआ ही था कि कुल्लू के बंदरोल क्षेत्र में अचानक भूस्खलन की घटना सामने आ गई। पहाड़ी से भारी मलबा गिरने के कारण एक रिहायशी भवन पलभर में ढह गया। घटना के बाद आसपास के भवनों, एक होटल और जवाहर नवोदय विद्यालय पर भी खतरा मंडराने लगा है। यह स्थान जिला मुख्यालय कुल्लू से करीब 12 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह मकान राधे श्याम पुत्र टना राम का था। मकान में पहले एक परिवार रह चुका था, लेकिन घटना के समय भवन खाली था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। भूस्खलन के बाद आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई और लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी।
घटना स्थल के पास स्थित होटल और अन्य भवनों में भी दरारें आने की आशंका के चलते प्रशासन अलर्ट हो गया। एहतियात के तौर पर रिजेंटा होटल को खाली करवा दिया गया, जबकि स्थानीय लोगों ने पास के एक अन्य भवन को भी तुरंत खाली करा दिया। प्रशासन ने पूरे इलाके को संवेदनशील घोषित करते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
भूस्खलन जवाहर नवोदय विद्यालय के पास हुआ, जहां पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा गिरा। राहत की बात यह रही कि विद्यालय परिसर को समय रहते सुरक्षित कर लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई। प्रशासन की टीमें मौके पर निगरानी कर रही हैं और आगे भूस्खलन की आशंका को देखते हुए स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

