August 20, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

रुद्रपुर में 9 फीट ऊंची शहीद ऊधम सिंह की कांस्य प्रतिमा का अनावरण, सीएम धामी ने 4.25 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी




रुद्रपुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कलेक्ट्रेट परिसर में ₹40 लाख की लागत से स्थापित 9 फीट ऊंची शहीद ऊधम सिंह की कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि ऊधम सिंह का जीवन देशभक्ति, आत्मसम्मान और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का अमर प्रतीक है तथा उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता रहेगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ₹120.18 लाख की लागत से निर्मित कलेक्ट्रेट परिसर की पार्किंग, लैंडस्केपिंग और ड्रेन निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। साथ ही रुद्रपुर की कैनाल कॉलोनी में ₹264.97 लाख की लागत से बनने वाली सरफेस पार्किंग का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आधुनिक आधारभूत सुविधाओं, बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से पंजाब में रह रहे शहीद ऊधम सिंह के परिजनों से बातचीत कर उनके बलिदान को नमन किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में रुद्राक्ष का पौधा भी लगाया। समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Comment