Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 13, 2026
Daily Lok Manch
राष्ट्रीय

विशाखापत्तनम पोर्ट में 334.89 करोड़ रुपये से बनेगा 3.584 किमी लंबा फ्लाईओवर, घटेगा ट्रैफिक दबाव



पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने विशाखापत्तनम पोर्ट अथॉरिटी में माल की तेज और सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए 334.89 करोड़ रुपये की लागत से आंतरिक फ्लाईओवर के निर्माण को मंजूरी दी है। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को कहा कि यह परियोजना बंदरगाह की परिचालन क्षमता बढ़ाने के साथ यातायात की बाधाओं को दूर करने में अहम भूमिका निभाएगी।

प्रस्तावित 3.584 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर कॉन्वेंट जंक्शन को डॉक एरिया से जोड़ेगा। इसके जरिए पोर्ट के भीतर सड़क और रेल यातायात को अलग किया जाएगा, जिससे माल की आवाजाही अधिक तेज और सुचारू हो सकेगी।

परियोजना का मुख्य उद्देश्य नौ प्रमुख रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर होने वाली देरी को कम करना है। वर्तमान में अधिक रेल यातायात के कारण इन क्रॉसिंग पर दिन में करीब 18 बार गेट बंद होते हैं, जिससे बंदरगाह में वाहनों और माल की आवाजाही प्रभावित होती है।

सोनोवाल ने कहा कि यह परियोजना विशाखापत्तनम पोर्ट की एक महत्वपूर्ण बाधा को दूर करेगी और समग्र परिचालन दक्षता में सुधार लाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार आधुनिक, निर्बाध और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी पोर्ट बुनियादी ढांचा तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस परियोजना को शुरू होने के 30 महीनों के भीतर पूरा किए जाने की उम्मीद है।

Leave a Comment