मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को बनबसा स्थित मिनी स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट सहित विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को खेल किट और पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने युवाओं से खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने, नशे से दूर रहने और अनुशासित जीवन अपनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सम्मानित करना उनके परिश्रम, लगन और समर्पण का सम्मान है। खेल युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ उनमें अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार खेल सुविधाओं के विस्तार और प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
महिला खिलाड़ियों को मिलेंगे बेहतर अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोहाघाट में लगभग 256.97 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज विकसित किया जा रहा है। यह संस्थान प्रदेश की महिला खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे खेलों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
स्वास्थ्य सेवाओं और परिवहन सुविधाओं का होगा विस्तार
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं, नियमित स्वास्थ्य जांच और निःशुल्क दवा वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके साथ ही जनपद में 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 शैय्यायुक्त क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया जाएगा। इससे गंभीर रोगियों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि टनकपुर में लगभग 237.74 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) विकसित किया जा रहा है। इससे क्षेत्र की परिवहन और संपर्क व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। वहीं, मां पूर्णागिरि धाम और शारदा कॉरिडोर से संबंधित विकास कार्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर पैदा करेंगे।
स्टेडियम में विकसित होंगी खेल सुविधाएं
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बनबसा के चूना भट्ठा स्थित स्वतंत्रता सेनानी कैप्टन करम चन्द स्टेडियम में चार विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इसके अतिरिक्त, कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत 150.20 लाख रुपये की लागत से बैडमिंटन हॉल का निर्माण किया जाएगा। इन कार्यों से स्टेडियम में खेल सुविधाओं का विस्तार होगा और खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर आधारभूत ढांचा उपलब्ध होगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बालिका वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली साधना और बालक वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले जतिन चंद को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
वन एवं पर्यावरण संरक्षण को मिलेगी मजबूती
मुख्यमंत्री ने भारत सरकार के उपक्रम एनएचपीसी के टनकपुर पावर स्टेशन द्वारा सीएसआर के अंतर्गत वन प्रभाग हल्द्वानी और वन प्रभाग चम्पावत को उपलब्ध कराए गए तीन टाटा योद्धा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इन वाहनों से वन विभाग के कार्यों को सुगम बनाने और वन एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों को गति देने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में दायित्वधारी सुभाष बगौली, हेमा जोशी, मनोज कालाकोटी, किरण देवी, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष भानी चंद, विधायक प्रतिनिधि टनकपुर दीपक रजवार, नगर पालिका परिषद बनबसा की अध्यक्ष रेखा देवी, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार और एनएचपीसी टनकपुर पावर स्टेशन के प्रमुख ऋषि रंजन आर्या सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, महिला समूहों की सदस्य, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

