Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 18, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

सीएम धामी ने चम्पावत को दी 96 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत में नवनिर्मित सर्किट हाउस का पूजा-अर्चना के साथ लोकार्पण किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने जनपद में लगभग 96 करोड़ रुपये की लागत की 16 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। साथ ही विकासखंड चम्पावत की प्रत्येक ग्राम सभा को स्थानीय विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध कराने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करना राज्य सरकार का संकल्प है। इसके लिए अगले 25 से 50 वर्षों की आवश्यकताओं और चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य किए जा रहे हैं। जनपद में सड़क, परिवहन, पार्किंग, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग सहित विभिन्न सड़कों को सुगम बनाया जा रहा है। इसके अलावा बाईपास, बहुमंजिला पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। टनकपुर में निर्माणाधीन अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) से क्षेत्र की परिवहन सुविधाओं का विस्तार होगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगभग 66 करोड़ रुपये की लागत का ड्रेनेज प्लान तैयार किया गया है। इसके साथ ही विद्युत लाइनों को भूमिगत करने और दूरस्थ क्षेत्रों में संचार सुविधाओं का विस्तार करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों से किया संवाद

चम्पावत दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों, मातृशक्ति, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं, पीआरडी जवानों, मिनिस्टीरियल संवर्ग, रोडवेज कर्मचारियों, पशुपालकों, राज्य आंदोलनकारियों, पूर्व सैनिकों और सहकारिता से जुड़े प्रतिनिधियों से मुलाकात की। उन्होंने विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की समस्याएं एवं सुझाव सुने। इस दौरान सप्तेश्वर/सप्तकोशी परिक्रमा प्रस्तावक समिति तथा मीडिया प्रतिनिधियों से भी संवाद किया।

अधिवक्ताओं के लिए चैंबर, पार्किंग और ई-लाइब्रेरी की घोषणा

मुख्यमंत्री ने जिला बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने एसोसिएशन की नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। आम नागरिकों को न्याय दिलाने और उनके संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करने में उनकी अहम भूमिका है। राज्य सरकार आमजन को सरल, सुलभ और समयबद्ध न्याय उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनपद की न्याय पंचायतों में सामुदायिक उपयोग के लिए सामुदायिक भवनों का निर्माण कराने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त जिला बार एसोसिएशन में अधिवक्ताओं के बैठने के लिए चैंबर निर्माण, वाहन पार्किंग और आधुनिक ई-लाइब्रेरी की स्थापना की भी घोषणा की।

प्रत्येक ग्राम सभा को मिलेंगे 10 लाख रुपये

मुख्यमंत्री ने विकासखंड चम्पावत की प्रत्येक ग्राम सभा को स्थानीय विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध कराने की घोषणा की। इस धनराशि से ग्राम सभाएं अपनी जरूरतों के अनुसार पुस्तकालय निर्माण, सड़क सुधार, आजीविका संवर्धन, आंगनबाड़ी केंद्रों के उन्नयन सहित अन्य जनहितकारी कार्य कर सकेंगी। इससे स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को गति मिलने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी।

1.37 करोड़ की लागत से बने रजत जयंती पार्क का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने चम्पावत में 1.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित देवभूमि रजत जयंती पार्क का भी लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने पार्क में खेल रहे बच्चों को चॉकलेट वितरित कीं और स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।

चम्पावत आगमन पर सर्किट हाउस हेलीपैड में जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

कार्यक्रम में दायित्वधारी श्याम नारायण पाण्डेय एवं मुकेश महाराना, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता सतीश चन्द्र पाण्डेय, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, शंकर दत्त पाण्डेय, केएमवीएन के निदेशक रोहित बिष्ट, नगर पालिका के नामित सदस्य गौरव पाण्डेय, एसडीएम बीसी पंत, अधिशासी अधिकारी भारत त्रिपाठी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment