मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरियाणा के पंचकूला स्थित ताऊ देवीलाल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित ‘नमो क्रिकेट लीग’ में प्रतिभाग कर युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री स्वयं क्रिकेट खेलने मैदान पर उतरे। उन्हें अपने बीच क्रिकेट खेलते देख खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल के मैदान में उतरने का अपना अलग ही आनंद है। खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट खेलकर उन्हें बेहद प्रसन्नता हुई। उन्होंने कहा कि खेल हमें टीम भावना, अनुशासन, निरंतर प्रयास और समर्पण के साथ लक्ष्य हासिल करने की सीख देता है। नमो क्रिकेट लीग में देश के विभिन्न हिस्सों से 30 से अधिक टीमों ने प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से संवाद कर उनकी प्रतिभा और उत्साह की सराहना की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों और युवाओं को नशे के खिलाफ शपथ भी दिलाई। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने साथियों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ‘क्रिकेट को हां और नशे को ना’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि युवाओं को स्वस्थ, सकारात्मक और अनुशासित जीवन की ओर ले जाने का संकल्प है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि जीवन में कोई लत लगानी ही है तो खेल और फिटनेस की लगाएं। युवाओं को अपने सपनों और लक्ष्यों को हासिल करने का जुनून रखना चाहिए। उनकी ऊर्जा नशे में नहीं, बल्कि खेल, रचनात्मकता और राष्ट्र निर्माण में लगनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को नई पहचान और सम्मान मिला है। ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसे अभियानों ने युवाओं को खेलों और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज गांवों और छोटे शहरों से निकलने वाली खेल प्रतिभाएं राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने हरियाणा की खेल परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां के खिलाड़ियों ने ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियन गेम्स और राष्ट्रमंडल खेलों सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाया है। खिलाड़ियों की सफलता के पीछे वर्षों का परिश्रम, अनुशासन, संघर्ष और लक्ष्य के प्रति समर्पण होता है।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज में इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने की अपील की। इस दौरान खिलाड़ियों और युवाओं ने सामूहिक रूप से ‘नशे को ना, खेल को हां’ का संकल्प लिया।

