September 23, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

हरिद्वार में पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम् का शुभारंभ, सीएम धामी बोले- आधुनिक शिक्षा के साथ संस्कार और भारतीय ज्ञान परंपरा जरूरी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार के ग्राम औरंगाबाद स्थित पतंजलि वेलनेस योगग्राम में प्रथम पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम् के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हरिद्वार आस्था, संस्कृति और सनातन परंपरा का प्रमुख केंद्र है। देवभूमि में गुरुकुलम् की शुरुआत भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा को आधुनिक युग से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय गुरुकुल परंपरा सदियों से ज्ञान, अनुशासन, संस्कार और चरित्र निर्माण का आधार रही है। गुरुकुल शिक्षा विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ जीवन मूल्यों और समाज के प्रति जिम्मेदारी का बोध कराती है। उन्होंने विश्वास जताया कि पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम् नई पीढ़ी तक भारतीय ज्ञान परंपरा पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा कि गुरुकुलम् में आधुनिक विज्ञान और तकनीक के साथ योग, आयुर्वेद, भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों का समन्वय विद्यार्थियों को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करेगा। बदलती दुनिया में संस्कार, अनुशासन और संतुलित जीवनशैली की शिक्षा का महत्व और बढ़ गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में कौशल, नवाचार, भारतीय ज्ञान परंपरा और विद्यार्थियों के समग्र विकास पर जोर दिया गया है। उत्तराखंड में भी इस नीति को प्रभावी रूप से लागू करने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय दर्शन और संस्कृति के अध्ययन एवं शोध को बढ़ावा देने के लिए दून विश्वविद्यालय में हिंदू अध्ययन केंद्र स्थापित किया गया है।

सीएम धामी ने कहा कि देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी विकसित की जा रही है। राज्य सरकार उत्तराखंड को पर्यटन के साथ ज्ञान, योग, आयुर्वेद और अध्यात्म के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है। समारोह में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment